आजम यह न समझें रोने से गुनाह माफ कर देगी जनता : खन्ना

आजम यह न समझें रोने से गुनाह माफ कर देगी जनता खन्ना

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 10:58 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 10:58 PM (IST)
आजम यह न समझें रोने से गुनाह माफ कर देगी जनता : खन्ना
आजम यह न समझें रोने से गुनाह माफ कर देगी जनता : खन्ना

जागरण संवाददाता, रामपुर : प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सांसद आजम खां आज जनता के सामने घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। लोगों के बीच जाकर वोट और सपोर्ट के लिए दामन फैला रहे हैं। वह भूल रहे हैं कि उनके इस तरह आंसू बहाने से जनता उनके गुनाहों को माफ नहीं करने वाली। वह टैक्सी स्टैंड रोड स्थित होटल में मीडिया से वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि रोता कौन है। वह ही रोता है, जिसने गुनाह किए हों। बेगुनाह हमेशा सीना तान कर जनता के समक्ष आता है। उसे इस तरह रो धोकर जनता के सामने हाथ नहीं फैलाने पड़ते। आपने यदि अच्छे काम किए हैं तो जनता जनार्दन अपने आशीर्वाद और प्यार से आपको मालामाल कर देती है। वहीं यदि कुछ बुरा किया तो फिर वह अपने वोट की चोट से आपको धराशायी करने में देर नहीं करती। यहां की जनता ने जितने जुल्म सपा के शासन में सहे, उसके लिए वह उन्हें इस चुनाव में जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी किसी का बुरा नहीं किया। सब धर्म-जाति को साथ लेकर पार्टी हमेशा से चलती आई है। किसी के साथ कभी भेदभाव नहीं किया। मुस्लिमों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा कितनी ही योजनाएं चलाई गईं, जिनका लाभ लेकर तमाम मुस्लिम परिवारों का स्तर ऊपर उठा है। ऐसे में वे मुस्लिम परिवार पार्टी के साथ खुशी-खुशी जुड़ रहे हैं। उन्हें पता चल चुका है कि पार्टी कभी मुस्लिम विरोधी नहीं रही है। कुछ लोग जानबूझ कर पार्टी पर मुस्लिम विरोधी होने का ठप्पा लगाना चाहते हैं। जनता उनके बहकावे में न आए।

प्रदेश के वित्त मंत्री ने कहा कि होमगार्डों की सेवाएं समाप्त करने का प्रोपगंडा कुछ लोगों द्वारा किया जा रहा है। यह सिर्फ उनकी साजिश का हिस्सा है। सरकार की ओर से ऐसा कुछ नहीं किया गया है। दरअसल बहुत दिनों से सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा था, जिसका फैसला आया है, उसको लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। रामपुर में किस तरह का विकास करवाएंगे के सवाल पर बोले कि हम भेदभाव की राजनीति नहीं करते। पूरे प्रदेश को एक नजर से देखते हैं। हमारे लिए हर नगर एक जैसा है। जैसा विकास अन्य शहरों में होगा, वैसा ही यहां पर भी होगा।

आर्थिक मंदी के सवाल पर बोले कि इस गलतफहमी को दिल से निकाल दीजिए कि देश में आर्थिक मंदी चल रही है। इसे आर्थिक मंदी नहीं, बल्कि सुस्ती का नाम दें तो अच्छा होगा। प्रदेश में फिजूलखर्ची रोकने का काम किया जा रहा है। बहुत जल्द पूरे देश में ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। नगर विकास राज्य मंत्री महेश गुप्ता, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार, जुगेश अरोरा कुक्कू, हंसराज पप्पू, अजय तिवारी, राजीव मांगलिक, संजय नरुला व अनुज सक्सेना आदि रहे।

chat bot
आपका साथी