सड़क और नालियां गायब, रात में अंधेरा और नाम शिव विहार

रामपुर की शिव विहार कालोनी में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 06:03 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 06:36 PM (IST)
सड़क और नालियां गायब, रात में अंधेरा और नाम शिव विहार
सड़क और नालियां गायब, रात में अंधेरा और नाम शिव विहार

जागरण संवाददाता, रामपुर : शिव विहार कालोनी में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिससे रातभर अंधेरा छाया रहता है। इसके अलावा कुछ गलियां अभी कच्ची हैं। इनमें सड़क और नाली नहीं बनी हैं। नालियों का पानी खाली प्लाटों में सड़ता रहता है। कालोनी के लोगों ने समस्या दूर कराने की मांग की है। लोगों ने बताया कि कालोनी की कुछ गलियों में अभी तक सड़कें, नाले, नालियां नहीं बनी हैं। इससे बारिश से सड़क पर जलभराव और कीचड़ पसर जाती है। इसके अलावा नालियों का पानी खाली प्लाटों में सड़ता रहता है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इस कालोनी में पनबड़िया से शमशान घाट जाने वाला मार्ग भी काफी समय से जर्जर है। मंदिर के पास से अंदर जाने वाली गली में भी सड़क और नालियां नहीं बनी हैं। सीएमएस स्कूल के सामने की सड़क भी खराब है, बारिश में जलभराव और कीचड़ हो जाती है, जिससे इधर से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा मंदिर के पास वाली गली में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं। एक खंभे पर लगी स्ट्रीट लाइट को एक साल पहले कर्मचारी ठीक कराने के लिए उतारकर ले गए थे, जो अभी तक ठीक कराकर नहीं लगाई है। इसके आसपास की लाइटें भी खराब हो चुकी हैं। इससे रात होते ही कालोनी में अंधेरा पसर जाता है। ऐसे में लोगों को इधर से गुजरने में काफी परेशानी होती है। लाइट दोबारा से लगवाने के लिए कई बार मांग कर चुके हैं। मगर इसे अभी तक नहीं लगवाया गया है।

शिव विहार कालोनी वार्ड-एक में लगती है। इसकी सभासद सरोज देवी ने बताया कि सड़कों के लिए नगर पालिका बोर्ड की बैठक में बात रखी थी। लाइटों के लिए डीएम को भी पत्र भेजा है। वार्ड की सभी समस्याओं को दूर कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

खंभे पर लगी खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने के लिए कर्मचारी एक साल पहले उतारकर ले गए थे, लेकिन इसे अभी तक नहीं लगवाया गया है। इससे रात में सड़क पर अंधेरा पसरा रहता है।

सीता देवी।

मंदिर से पहले वाली गली में कई लाइटें खराब हो चुकी हैं। जिससे शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। अंधेरे के कारण रात में आने जाने में लोगों को काफी दिक्कत होती है। लाइटें सहीं कराएं।

ऊषा सरन। कालोनी की कई गलियों में सड़कें तक नहीं पड़ी हैं, जिससे इन गलियों की सड़कें काफी उबड़-खाबड़ हैं, लोगों को इधर से गुजरने में काफी परेशानी होती है। कालोनी में सड़कें शीघ्र बननी चाहिए।

अंकुश।

कालोनी की कुछ गलियों में सड़कें और नालियां नहीं बनी हैं। कालोनी के लोगों द्वारा अपने-अपने घरों के आगे खुद ही नालियां बनवाई गई हैं, जिनका ढाल सही नहीं है। नालियां शीघ्र बनवाएं।

सिमलेश।

chat bot
आपका साथी