आजम को यतीमखाना प्रकरण के एक और मुकदमे में मिली जमानत

सांसद आजम खां को यतीमखाना प्रकरण के एक और मुकदमे में जमानत मिल गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 10:22 PM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 10:22 PM (IST)
आजम को यतीमखाना प्रकरण के एक और मुकदमे में मिली जमानत
आजम को यतीमखाना प्रकरण के एक और मुकदमे में मिली जमानत

रामपुर, जेएनएन। सांसद आजम खां को यतीमखाना प्रकरण के एक और मुकदमे में जमानत मिल गई है। इस प्रकरण के पांच अन्य मुकदमों में उनकी जमानत अर्जी पहले ही मंजूर हो चुकी है। पिछले वर्ष सांसद के खिलाफ यतीमखाना प्रकरण में एक दर्जन मुकदमे शहर कोतवाली में दर्ज किए गए थे। इन मुकदमों में लोगों ने आरोप लगाया था कि मुहल्ला घोसियान के पास यतीमखाने की जगह पर उनके मकान बने थे, जिन्हें सपा शासनकाल में सांसद के इशारे पर तोड़ दिया गया। इसके लिए 15 अक्टूबर 2016 को पुलिस अधिकारी फोर्स लेकर उनके घरों पर आए। उनके साथ कुछ सपाई भी थे। उन्होंने कहा कि यह जगह आजम खां ने ले ली है। अब जौहर ट्रस्ट की है। यहां आजम खां का स्कूल बनना है। इसलिए फौरन खाली कर दो, वर्ना फर्जी मुकदमों में जेल भेज देंगे। विरोध करने पर लोगों को मार पीटकर घर से निकाल दिया गया था। घर में रखे पैसे, जेवर आदि सामान भी लूट लिया था। इसके अलावा जानवर भी खोलकर ले गए थे। बाद में उनके मकानों पर बुलडोजर चला दिया था। इन सभी मुकदमों में जमानत के लिए सांसद की ओर से जमानत अर्जियां दाखिल की गई थीं। चार अर्जियां लॉकडाउन से पहले मंजूर हो गई थीं। लॉकडाउन के बाद अदालतें बंद हो गई थीं। अब दोबारा अदालतें खुलने पर उनकी अर्जियों पर सुनवाई शुरू हो गई है। गौरतलब है कि सांसद आजम खां इन दिनों धोखाधड़ी के मुकदमे में पत्नी विधायक डॉ. तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला के साथ सीतापुर जेल में बंद हैं। वीरेंद्र गोयल को भी मिली राहत

रामपुर: सपा नेता वीरेंद्र गोयल को भी यतीमखाना प्रकरण के एक मुकदमे में राहत मिली है। यतीमखाना प्रकरण में दर्ज हुए मुकदमों में उन्हें भी आरोपित बनाया गया था। सपा नेता को पुलिस ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। तब सांसद ने पत्नी और बेटे के साथ अदालत में आत्मसमर्पण किया था। सपा नेता भी सांसद से मिलने कचहरी आ गए थे। वहां हंगामा करने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था। बाद में उन्हें जेल भेज दिया था। वह तब से ही रामपुर जेल में बंद हैं। आज शत्रु संपत्ति समेत अन्य मुकदमों में जमानत पर होगी सुनवाई

रामपुर : सांसद आजम खां के खिलाफ शनिवार को भी कई मुकदमों में जमानत अर्जियों पर सुनवाई होगी। इनमें एक मामला शत्रु संपत्ति का है। यह मुकदमा अजीमनगर थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें उन पर शत्रु संपत्ति कब्जाने का आरोप है। इस मुकदमे में सांस के अलावा उनकी पत्नी और बेटा भी आरोपित है। इसके अलावा पड़ोसी को धमकाने, मारपीट करने, जानलेवा हमला करने, साजिश रचने आदि धाराओं के मुकदमे में भी जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी। इस मुकदमे में सांसद और उनके बेटे की जमानत अर्जी लगी है।

chat bot
आपका साथी