रामपुर में कूड़े से बनेगी खाद, 16 करोड़ मिले

रामपुर शहर के लोगों को शीघ्र ही कूड़े के ढेरों से निजात मिल जाएगी। इसके लिए सरकार ने कूड़े से खाद बनाने के प्लांट को मंजूरी दे दी है। 15.60 करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए हैं जबकि नैनीताल रोड पर बमनपुरी के पास लगे कूड़े के ढेरों के निस्तारण के लिए 8.86 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 10:57 PM (IST)
रामपुर में कूड़े से बनेगी खाद, 16 करोड़ मिले
रामपुर में कूड़े से बनेगी खाद, 16 करोड़ मिले

रामपुर : शहर के लोगों को शीघ्र ही कूड़े के ढेरों से निजात मिल जाएगी। इसके लिए सरकार ने कूड़े से खाद बनाने के प्लांट को मंजूरी दे दी है। 15.60 करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए हैं, जबकि नैनीताल रोड पर बमनपुरी के पास लगे कूड़े के ढेरों के निस्तारण के लिए 8.86 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

सपा शासनकाल में रामपुर शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल किया गया था। तब इसका चयन देश के 100 शहरों में किया गया था। लेकिन, पिछले दिनों आए स्वच्छता सर्वेक्षण में रामपुर शहर की स्थिति खराब पाई गई। देश में रामपुर को 294 वां स्थान मिला है। इसकी एक वजह कूड़े का निस्तारण न होना भी है। शहर में जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हैं। नैनीताल रोड पर बमनपुरी स्टेडियम के पास तो कूड़े का अंबार लगा है। यहां रोज शहर का कूड़ा डाला जाता है। इस कूड़े में चिगारियां सुलगती रहती हैं। इनसे धुआं निकलता रहता है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है। पालिका कर्मचारी इन चिगारियों को बुझाने का भी प्रयास करते हैं, लेकिन फिर भी धुआं निकलना पूरी तरह बंद नहीं हो पाता। इस समस्या को लेकर आसपास के लोगों ने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिए। अधिकारियों ने शासन को लिखापढ़ी की। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डा.विवेकानंद गंगवार ने बताया कि शासन ने इस कूड़े के निस्तारण के लिए आठ करोड़ 86 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। 18 महीने के अंदर इस कूड़े का निस्तारण हो जाएगा और यहां ग्रीन बेल्ट बनाकर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहजादनगर के पास कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 15 करोड़ 60 लाख रुपये आवंटित किए हैं। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। दोनों काम ही जलनिगम की सी एंड डीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की मुरादाबाद ईकाई द्वारा कराए जाएंगे। पहले कूड़े से बिजली बनाने की योजना थी

सपा शासनकाल में शहजादनगर में कूड़े से बिजली बनाने के प्लांट को मंजूरी मिली थी। इसके लिए जमीन भी खरीद ली गई थी। चहारदीवारी भी करा दी गई थी, लेकिन प्लांट नहीं लग सका। अब बिजली के बजाय खाद बनेगी।

chat bot
आपका साथी