चीन में बढ़ी रामपुर के मेंथोल की डिमांड

मुस्लेमीन रामपुर चीन में रामपुर के मेंथोल की डिमांड बढ़ गई है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 10:54 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 10:54 PM (IST)
चीन में बढ़ी रामपुर के मेंथोल की डिमांड
चीन में बढ़ी रामपुर के मेंथोल की डिमांड

मुस्लेमीन, रामपुर : चीन में रामपुर के मेंथोल की डिमांड बढ़ गई है। वहां से निर्यातकों को खूब आर्डर मिल रहे हैं। इसके दाम एक सप्ताह में 50 रुपये प्रति किलोग्राम ऊपर पहुंच गए हैं। ऐसे में किसानों को राहत मिली है।

रामपुर में मेंथा कारोबार से हजारों किसान, मजदूर और उद्यमी जुड़े हैं। उद्यमी मेंथोल और क्रिस्टल तैयार कर बाहर भेजते हैं। रामपुर में मेंथा के 14 प्लांट लगे हैं। मेंथोल निर्यात के मामले में तो रामपुर देश में नंबर वन है। उत्तर प्रदेश मेंथा एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु कपूर बताते हैं कि पूरे देश से 6500 करोड़ रुपये का मेंथा निर्यात होता है और उत्तर प्रदेश से तीन हजार करोड़। इसमें अकेले रामपुर से ही 1750 करोड़ का निर्यात होता है। यहां से अमेरिका, इटली, ब्राजील, स्पेन, जर्मनी, और चीन समेत दुनिया के कई देशों को निर्यात हो रहा है। मेंथा उद्यमी विपिन कुमार बताते हैं कि इस माह चीन से आर्डर खूब मिल रहे हैं। जून के दो सप्ताह में उनकी फर्म इको आर्गेनिक ने 12 करोड़ का निर्यात किया है। इस माह 25 करोड़ की उम्मीद है। जबकि अप्रैल में छह करोड़, मई माह में आठ करोड़ का निर्यात हुआ था। इको आर्गेनिक चीन को सौ करोड़ रुपये का निर्यात करती है, जबकि दूसरी फर्म करीब पांच सौ करोड़ रुपये का निर्यात चीन को कर रही हैं।

दवा और सैनिटाइजर बनाने के आता है काम

मेंथा को कई तरह की दवा बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। बाम, खांसी एवं दर्द निवारक दवा बनाई जाती हैं, साथ ही साबुन व सैनिटाइजर में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। इस समय मेंथा की फसल तैयार है। डिमांड बढ़ने के साथ ही किसानों से निर्यातक मेंथा तेल ले रहे हैं। इसके चलते एक सप्ताह में दाम 950 से बढ़कर 1000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।

chat bot
आपका साथी