पैगंबरपुर में फिर दिखाई दिया तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

बिलासपुर के पैगंबरपुर गांव में ग्रामीणों ने एक बार फिर तेंदुआ देखा गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 06:29 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 06:29 PM (IST)
पैगंबरपुर में फिर दिखाई दिया तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
पैगंबरपुर में फिर दिखाई दिया तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

जागरण संवाददाता, बिलासपुर(रामपुर) : पैगंबरपुर गांव में ग्रामीणों ने एक बार फिर तेंदुआ देखा। दहशत से वहां तीसरे दिन भी अफरातफरी मची रही। वन विभाग की टीम ने बगीचों और खेतों में काफी तलाश किया। लेकिन, देर रात तक कहीं कुछ पता नही चल सका। भयभीत गांववासी पूरी तरह सतर्कता बरत रहे हैं।

तहसील क्षेत्र के डंडिया वन से सटे इस गांव में बीते शुक्रवार की रात को जंगलों से भटकते हुए दो तेंदुए घुस आए थे। खेतों में काम कर रहे लोगों ने शाम के समय उन्हें कुलदीप सिंह के मकान की दीवार पर चढ़ा देखा तो उनके होश उड़ गए थे। उन्होंने शोर मचाया तो काफी लोग इकट्ठा हो गए थे। उधर भीड़ इकट्ठा होने पर तेंदुए ओझल हो गए थे। सूचना पर वन दारोगा ओमप्रकाश सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों की निशानदेही पर घेराबंदी कर तेंदुओं को तलाशने का प्रयास भी किया। लेकिन, काफी खोजबीन के बावजूद वे पंजों के निशान के अलावा बाकी कुछ नही ढूंढ पाए थे।

सोमवार को ग्रामीण खेतों पर काम करने निकले तो एक बार फिर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इस पर वे वापस गांव लौट आए। भय के कारण लोगों ने अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया। इसके साथ ही पशुओं को भी पशुशाला से खोलकर मकानों के अंदर बांध लिया है। सूचना पर एक बार फिर वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई।

वन दारोगा ओमप्रकाश सिंह के अनुसार गांव में वन कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने के लिए भी कहा है।

chat bot
आपका साथी