हाईवे पर धरना देते सौ किसान गिरफ्तार, शाम को रिहा

रामपुर कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों ने हाईवे जाम कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 11:11 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 11:11 PM (IST)
हाईवे पर धरना देते सौ किसान गिरफ्तार, शाम को रिहा
हाईवे पर धरना देते सौ किसान गिरफ्तार, शाम को रिहा

रामपुर : कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। कई घंटे धरना दिया। पुलिस ने सौ किसानों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, शाम छह बजे सभी को छोड़ दिया गया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाकियू से जुड़े किसान शुक्रवार सुबह 11 बजे आंबेडकर पार्क में जमा हुए। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद हाईवे पर आ गए और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष हसीब अहमद ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो कृषि सुधार कानून बनाया है उससे किसानों का कोई सुधार नहीं होगा, बल्कि किसानों का उत्पीड़न बढ़ेगा। किसानों को अपनी फसल का वाजिब दाम भी नहीं मिलेगा। किसान पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बनकर रह जाएगा। किसान तीन घंटे बाद भी सड़क से नहीं हटे तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। सीओ सिटी विद्या किशोर ने समझाया लेकिन, वे नहीं माने। दिल्ली की ओर जाने लगे। किसान मुश्किल दो सौ मीटर आगे ही बढ़ पाए थे कि कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह पहुंच गए और किसानों को गिरफ्तार करा लिया। इसके बाद किसानों को पुलिस लाइन ले जाया गया। किसानों ने वहां पर भी जमकर नारेबाजी की। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 75 किसान गिरफ़्तार किए गए हैं, जबकि भाकियू जिलाध्यक्ष हसीब अहमद का कहना था कि बाद में और किसान पुलिस लाइन पहुंच गए और सौ किसानों ने गिरफ्तारी दी है। शाम छह बजे सभी किसानों को छोड़ दिया गया।

इस मौके पर साबिर अली, बलजीत सिंह, अजीत सिंह, सुंदर सिंह, अकबर अली, राहत खां, रामदास मौर्य, मंजीत सिंह आदि मौजूद रहे। परेशान रहे यात्री

भाकियू के हाई जाम करने से यात्री परेशान रहे। आंबेडकर पार्क के सामने हाईवे पर धरना देने से जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को दूसरे रास्तों से निकलना शुरू किया जबकि बरेली और मुरादाबाद से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्ते से निकालने की व्यवस्था कर दी गई। जाम के कारण मुरादाबाद जाने वाले यात्री भटकते रहे।

chat bot
आपका साथी