कोरोना से मौत पर जिला अस्पताल में हड़कंप, 11 कर्मचारी होम क्वारंटाइन

तीन दिन तक जिला अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती रहा था वार्ड खाली किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 11:30 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 11:30 PM (IST)
कोरोना से मौत पर जिला अस्पताल में हड़कंप, 11 कर्मचारी होम क्वारंटाइन
कोरोना से मौत पर जिला अस्पताल में हड़कंप, 11 कर्मचारी होम क्वारंटाइन

रामपुर, जेएनएन। कोरोना बीमारी से युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया है। जिला अस्पताल में काम करने वाले 11 लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। सभी की सैंपलिंग भी कराई गई है।

मृतक केमरी थाना क्षेत्र के मुहल्ला सिघाड़ियान का रहने वाला था। वह अपने पिता के साथ कारपेंटर का काम करता था। 10 दिन पहले तबीयत खराब होने पर परिजन उसका बिलासपुर में इलाज कराते रहे। तबीयत में सुधार न होने पर परिजन 28 मई को जिला अस्पताल ले आए थे। युवक यहां तीन दिन तक भर्ती रहा। इमरजेंसी में दिखाने के बाद उसे जिला अस्पताल के द्वितीय तल पर बने मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कर लिया था। बाद में परिजन उसे टीएमयू मुरादाबाद ले गए थे। वहां उसकी कोरोना की जांच कराई गई। चार जून को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और अगले दिन उसकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमित की मौत की जानकारी से जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया है। दरअसल, जिला अस्पताल के जिस वार्ड में युवक भर्ती था, वहां स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय, हाउस कीपिग स्टाफ समेत 11 लोगों ने ड्यूटी की थी। जिला अस्पताल के मैनेजर संजय सैनी ने बताया कि युवक मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती रहा था। उस वार्ड को खाली करा दिया गया है। उसे सैनिटाइज कराकर बंद कर दिया है। वहां ड्यूटी करने वाले सभी स्टाफ की सैंपलिंग कराई गई है। रिपोर्ट आने तक सभी को होम क्वारंटाइन कर दिया है।

chat bot
आपका साथी