किसानों ने जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

रामपुर भारतीय किसान यूनियन ने धान खरीद केंद्रों पर धांधली रोकने की मांग को लेकर जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 11:06 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 11:06 PM (IST)
किसानों ने जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
किसानों ने जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

रामपुर : भारतीय किसान यूनियन ने धान खरीद केंद्रों पर धांधली रोकने की मांग को लेकर जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। अधिकारियों ने किसानों के साथ मीटिग कर समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।

भाकियू कार्यालय पर मंगलवार दोपहर तमाम किसान जमा हुए। इसके बाद जिलाध्यक्ष हसीब अहमद के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। वहां प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। किसानों ने लखीमपुर प्रकरण में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। शाहबाद में दो किसानों के बीच झगड़ा हो गया था। उनके बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । शांतिभंग की आशंका में एसडीएम कोर्ट में पेश किया तो वहां जमानत करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई। बाद में 15 हजार रुपये देकर छोड़ा गया। इसी तरह धान खरीद केंद्रों पर दलालों का बोलबाला है। सत्यापन के नाम उगाही की जा रही है। किसानों की बजाय दलालों का धान खरीदा जा रहा है। आवासों के नाम पर भी गरीबों से 15-15 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। किसान शाम छह बजे तक धरने पर बैठे रहे। बाद मे अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक की। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्ता एवं राजस्व डा.वैभव शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक डा.संसार सिंह मौजूद रहे। शाहबाद में किसानों से वसूले गए 15 हजार रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की गई। एडीएम ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम शाहबाद से बात की गई है। अगर किसी ने पैसा वसूला है तो उसे वापस कराया जाएगा। शाम छह बजे किसान कलक्ट्रेट से अपने घरों को चले गए। इस दौरान राहत खां, रामदास मौर्य, सुभाष शर्मा, वीरेंद्र सिंह, होम सिंह, विनोद, मुहम्मद यूनुस आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी