आज थम जाएगा चुनावी शोर, कल बूथों पर पहुंचेंगी पोलिग पार्टियां

प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत झोंकेंगे प्रत्याशी और समर्थक

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 11:56 PM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 06:11 AM (IST)
आज थम जाएगा चुनावी शोर, कल बूथों पर पहुंचेंगी पोलिग पार्टियां
आज थम जाएगा चुनावी शोर, कल बूथों पर पहुंचेंगी पोलिग पार्टियां

जागरण संवाददाता, रामपुर : शहर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में प्रचार का शोर शनिवार को थम जाएगा। आखिरी दिन होने के चलते प्रत्याशी प्रचार के लिए पूरा जोर लगाएंगे। रामपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सांसद आजम खां की पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा सपा से चुनाव मैदान में हैं तो भाजपा से भारत भूषण गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस से अरशद अली खां गुड्डू और बसपा से जुबैर मसूद खां चुनाव लड़ रहे हैं। सभी प्रत्याशी चुनाव कई दिन से प्रचार में लगे हैं। रोजाना सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रचार के लिए निकल रहे हैं। दिन भर घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं तो नुक्कड़ व जनसभा करके भी मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट की अपील करते ई-रिक्शा भी शहर में घूम रहे हैं। उप चुनाव के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होना है। यानी, अब प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए मात्र एक दिन का समय बचा है। शनिवार शाम को प्रचार का समय खत्म हो जाएगा। इसके अगले दिन, यानी रविवार को पोलिग पार्टियां मंडी समिति से बूथों के लिए रवाना हो जाएंगी। सोमवार को मतदान के बाद 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।

चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने रामपुर पहुंचे आइजी

जागरण संवाददाता, रामपुर : आइजी मुरादाबाद रमित शर्मा ने शहर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उप चुनाव की तैयारियों का शुक्रवार को निरीक्षण किया। आइजी ने पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ मीटिग की। निर्देश दिए कि चुनाव को लेकर अलर्ट रहें। पूरी तरह निष्पक्षता बरतें और शांति व्यवस्था बनाए रखें। असमाजिक तत्वों पर नजर रखें। किसी तरह की गड़बड़ी न करने दें। चुनाव में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें। मतदान के दिन बूथों पर तैनात पुलिस कर्मी सतर्क रहें। थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी लगातार भी भ्रमण करते रहें। कहीं भी किसी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत पहुंचे। बूथों पर भीड़ न लगने दें। मतदाता को वोट डालने में किसी तरह की परेशानी न होने दें। वोट डालने के बाद मतदाताओं को बूथों पर रुकने न दें। उन्हें तुरंत वहां से भेज दें। बूथों के आसपास लोगों का जमावड़ा न होने दें। उन्होने चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान लापरवाही किसी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों पर पर भी विशेष सतर्कता बरने की हिदायत दी। इससे पहले आइजी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भी तैयारियों का जायजा लिया। वहां तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने की हिदायत दी। बाद में आइजी ने किला मैदान में भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की शनिवार को होने वाली जनसभा स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सत्यजीत गुप्ता भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी