रामपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

रामपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Nov 2019 11:14 PM (IST) Updated:Wed, 20 Nov 2019 11:14 PM (IST)
रामपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
रामपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

जागरण संवाददाता, रामपुर : नगर में रामपुर महोत्सव-2019 का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। आयोजन के लिए 20 दिसंबर से 15 जनवरी तक का समय निर्धारित किया गया है। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक की, जिसमें अधिकारियों को इसके लिए तैयारियां सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि महोत्सव को कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य आकर्षण के रूप में कृषि विभाग के स्टॉल रहेंगे। उन पर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किए गए आधुनिक यंत्रों की सहायता से बेहतर उपज प्राप्त करने के तरीके के विषय में बताया जाएगा। साथ ही, जैविक खेती से होने वाले लाभ व कीटनाशक एवं रासायनिक दवाओं के छिड़काव के बिना ही उच्च उत्पादकता प्राप्त करने के तरीकों से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

इस संबंध में उन्होंने जिला कृषि अधिकारी चंद्रगुप्त सागर को निर्देश दिए। कहा कि वह इसको लेकर अपनी पूरी कार्य योजना तैयार कराएं। इसके अलावा उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न देशी-विदेशी प्रजातियों के फूल एवं अन्य आकर्षक पौधों की वृहद क्यारियों की जानकारी भी प्रदर्शनी में उपलब्ध होगी। प्रशासन द्वारा महोत्सव को प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त रखते हुए आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है।

इसके लिए डीएम ने उपायुक्त उद्योग एवं परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि इसमें जैव ऊर्जा बोर्ड की सहभागिता भी कराई जाएगी। जिसके माध्यम से गोबर गैस प्लांट एवं अन्य तरीकों से जैविक उत्पादों की विभिन्न विधियां दर्शायी जाएंगी। स्वयं सहायता समूहों द्वारा आत्मनिर्भर बनने हेतु स्वरोजगार से जुड़ने के विभिन्न तरीके एवं एक जनपद-एक उत्पाद के अंतर्गत चिह्नित जरी एवं पेचवर्क को भी मुख्य आकर्षक के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रत्येक विभाग की सहभागिता होनी चाहिए तथा प्रत्येक विभाग द्वारा आयोजित होने वाले जनजागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण तिथिवार तैयार कराया जाए। इसके लिए उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दायित्व सौंपे।

इसके अलावा बेबी-शो, मिसेज रामपुर एवं स्वच्छता सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की विशेष व्यवस्था भी वहां पर उपलब्ध कराई जाएगी इसके लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर पीपी तिवारी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास मोतीलाल व्यास आदि रहे।

chat bot
आपका साथी