गुंडों पर चोट कर रही योगी सरकार: नकवी

रामपुर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 11:18 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 11:18 PM (IST)
गुंडों पर चोट कर रही योगी सरकार: नकवी
गुंडों पर चोट कर रही योगी सरकार: नकवी

रामपुर : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार गुंडों पर चोट कर रही है। पिछली सरकार में सियासी आकाओं की हिफाजत में हावी गुंडे-माफिया अब हिरासत की हवा खा रहे हैं। चोट गुंडों को पहुंच रही है और चीख इनके सियासी संरक्षकों की निकल रही है।

श्री नकवी शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक के सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर किसान मोर्चा की ओर से आयोजित सेवा ही समर्पण अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। श्री नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सुकून और चैन महसूस कर रही है तो गुंडे-माफियाओं के कंधे पर बैठकर सत्ता के सिंहासन तक पहुंचते रहे लोग बेचैन हैं। सपा-बसपा-कांग्रेस, उत्तर प्रदेश में बिना जमीन के जमींदारी और बिना जन समर्थन के जागीरदारी के लिए जद्दोजहद कर रही हैं। प्रदेश में अब अपराधियों की हिरासत बनाम अपराध की हिफा•ात जनता का बड़ा मुद्दा है। इसी को ध्यान में रखकर जनता मतदान करेगी।

श्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सियासत, सुशासन और शुचिता के संकल्प और सोच के साथ भारतीय राजनीति ने सकारात्मक करवट ली है। यह बदलाव परिवार के घोंसले में सिमटी राजनैतिक पार्टियां नहीं समझ सकती हैं, न स्वीकार कर सकती हैं। प्रधानमंत्री मोदी सेवा, समर्पण, सुशासन, सर्वस्पर्शी सशक्तिकरण का पर्याय हैं। कोरोना की चुनौतियों के दौरान मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी की संकटमोचक की भूमिका को देश, प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व ने सराहा है। आज भारत में विश्व का सबसे बड़ा कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा है। अभी तक 77 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है। भारत ने कोविड वैक्सीनेशन के क्षेत्र में दुनिया में कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रतिदिन लगभग एक करोड़ लोगों को टीका लगाया जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। श्री नकवी ने किसानों और कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया। जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता व जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी ने विधान सभा चुनाव में पांचों सीट जीतने का लक्ष्य बताते हुए कार्यकर्ताओं से तैयारियों में जुटने का आहवान किया। श्री नकवी ने धमौरा के वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों से कोरोना टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख, विधायक राजबाला, एमएलसी डा जयपाल सिंह व्यस्त, सूर्य प्रकाश पाल, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पारूल अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा अग्रवाल, सुनीता सैनी, कपिल आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष शकुंतला लोधी, प्रमोद आहूजा इत्यादि लोग मौजूद रहे।

-----------------------------

कोरोना काल में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित लोग

किसानों व भूतपूर्व सैनिकों में सुशील कुमार, गेंदा सिंह, वीर सिंह फौजी, धर्मवीर सिंह, अरविद शर्मा, हसीन अहमद, प्रवेश खत्री, कल्याण सिंह मौर्य, रामचरन राणा, मुकेश शर्मा और महिलाओं में पुष्पा गुप्ता, सरिता विश्नोई, रमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता, मीना खंडेलवाल, अनीता सिंह, रेखा रानी, विजय लक्ष्मी, छाया, श्रद्धा नरूला समेत 71-71 महिलाओं व किसानों को नारंगी रंग के पटके व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

chat bot
आपका साथी