मुरादाबाद किशोर गृह में फैला कोरोना, समिति ने दिए सैनिटाइजेशन के निर्देश

जिला निगरानी समिति ने वर्चुअल कांफ्रेंस से शिशु सदन नारी निकेतन और किशोर गृह का किया निरीक्षण

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Oct 2020 11:50 PM (IST) Updated:Mon, 19 Oct 2020 11:50 PM (IST)
मुरादाबाद किशोर गृह में फैला कोरोना, समिति ने दिए सैनिटाइजेशन के निर्देश
मुरादाबाद किशोर गृह में फैला कोरोना, समिति ने दिए सैनिटाइजेशन के निर्देश

जागरण संवाददाता, रामपुर : जिला निगरानी समिति ने वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से सोमवार को शिशु सदन समेत मुरादाबाद के नारी निकेतन और किशोर गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान किशोर गृह में पांच किशोरों के कोरोना पाजिटिव होने की जानकारी मिली। इस पर समिति ने अधीक्षक को समय-समय पर सैनिटाइजेशन कराने और दूसरे किशोरों को इससे बचाने के उपाय करने के निर्देश दिए। निगरानी समिति अध्यक्ष/अपर जिला जज धीरेंद्र कुमार और समिति सदस्य/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिल्पी रानी ने सबसे पहले राजकीय बाल गृह (शिशु) का निरीक्षण किया। यहां कुल 42 बच्चे होने की जानकारी मिली। निरीक्षण के समय बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से दो अध्यापिकाओं की यहां पढ़ाने के लिए ड्यूटी लगाई है। निरीक्षण के दौरान बच्चों के खाने-पीने के बारे में जानकारी की। रसोई को भी चेक किया। दोपहर के भोजन के लिए दाल-चावल, सब्जी, सलाद तैयार किया हुआ मिला।

इसके बाद अध्यक्ष और सदस्य द्वारा राजकीय महिला शरणालय मुरादाबाद (नारी निकेतन) का निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में 36 संवासिनियों के होने की जानकारी मिली। इनमें एक रामपुर की है। संवासिनियों के साथ दो बच्चे भी वहां मिले। 17 के नवरात्र के व्रत चल रहे थे। उनसे व्रत के खानपान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि व्रत में दूध, केला, कुट्टू के आटे की पकौड़ी और रात्रि में भोजन में कुट्टू के आटे की कचौड़ी दही के साथ दी जा रही है। किसी को कोई दिक्कत नहीं थी।

इसके बाद समिति ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर गृह) का निरीक्षण किया। यहां 117 किशोर भर्ती मिले। इनमें आठ रामपुर के हैं। निरीक्षण में 117 में पांच किशोर कम होने पर पूछताछ की तो पता चला कि वे कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस पर समिति अध्यक्ष ने प्रभारी अधीक्षक को समय-समय पर सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए।

chat bot
आपका साथी