कांग्रेसियों ने डीजल-पेट्रोल के बढ़े दामों के विरोध में किया प्रदर्शन
कांग्रेसियों ने डीजल-पेट्रोल के बढ़े दामों के विरोध में किया प्रदर्शन
बिलासपुर, जासं : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में बढ़ोतरी के विरोध में खंड विकास कार्यालय पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। दोपहर एक बजे कार्यकर्ता संगठन के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता के नेतृत्व में नैनीताल हाईवे स्थित खंड विकास कार्यालय पहुंचे। जहां पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार बार-बार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा कर जनता का शोषण कर रही है। पांच मार्च के बाद पेट्रोल व डीजल के दामों एवं उत्पादक शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। आगे कहा कि सरकार द्वारा जनता से की जा रही इस जबरन वसूली की जितनी निदा की जाए, कम है। क्योंकि एक ओर तो देश कोरोना महामारी से लड़ रहा है। उधर, मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ा कर मुनाफाखोरी में लगी है। जनता की परेशानी को देखते हुए तत्काल इसे वापस लिया जाना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह बिट्टू, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यदुवंशी, दिलबाग सिंह, राजेंद्र सिंह मिटू, मुहम्मद हसीब खां, डॉक्टर जफर खां, टहल सिंह, देवेंद्र सिंह चीमा, रईस पाशा व परमिदर सिंह आदि रहे।