अधिक किराया वसूलने को लेकर यात्रियों ने किया हंगामा

बिलासपुर (रामपुर) रोडवेज बस के परिचालक द्वारा अधिक किराया वसूलने और चार माह पुरानी टिकट देने को लेकर यात्रियों ने बस को रोककर मुख्य चौराहे पर जमकर हंगामा काटा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 10:59 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 10:59 PM (IST)
अधिक किराया वसूलने को लेकर यात्रियों ने किया हंगामा
अधिक किराया वसूलने को लेकर यात्रियों ने किया हंगामा

बिलासपुर (रामपुर) : रोडवेज बस के परिचालक द्वारा अधिक किराया वसूलने और चार माह पुरानी टिकट देने को लेकर यात्रियों ने बस को रोककर मुख्य चौराहे पर जमकर हंगामा काटा। यात्री चालक और परिचालक को बस के साथ कोतवाली ले गए। जहां दोनों पक्षों में वार्ताकर मामले को निबटा दिया गया है।

हुआ यूं कि मंगलवार की शाम अमरोहा डिपो की एक रोडवेज बस सवारियां भरकर हल्द्वानी जा रही थी। बस में तीस से चालीस यात्री सवार थे। बस में सवार यात्रियों ने रोडवेज को नगर के मुख्य चौराहे पर रुकवाकर हंगामा करने लगे। यात्रियों को हंगामा करते देख आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर भारी भीड़ लग गई। सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी सतीश कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने यात्रियों से घटना की जानकारी की। इस दौरान यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस में अधिकतर यात्री मुरादाबाद से बैठे हैं। चालक और परिचालक उनसे अधिक किराया वसूल रहे हैं। मशीन अगर सौ रुपये का टिकट निकाल रही है, तो परिचालक उसके 115 रुपये ले रहे हैं। साथ ही वह चार माह पुरानी टिकट दे रहा है, जो सरासर गलत है। यात्रियों की बात सुनकर चौकी प्रभारी ने परिचालक को जमकर हड़काया और बस को सवारियों सहित कोतवाली ले आए। यहां लाकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता की गई। इस पर परिचालक का कहना था कि रोडवेज का किराया बढ़ गया है। लेकिन, मशीन अभी अपडेट नहीं हुई है। जिससे किराया अधिक वसूला जा रहा है।

उधर, एआरएम आरके जौहरी से वार्ता करने पर उन्होंने बताया कि किराया बढ़ गया है। लेकिन, कुछ मशीने अपडेट नहीं हो पाई हैं। मामले से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। एक घंटे तक चली वार्ता और हंगामे के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को जाने दिया।

chat bot
आपका साथी