शहर की ईदगाह में नहीं होगी नमाज, मस्जिदों में पढ़ेंगे सिर्फ पांच लोग

रामपुर ईद का चांद नजर आ गया। अब शुक्रवार को जिलेभर में ईद मनाई जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 10:31 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 10:34 PM (IST)
शहर की ईदगाह में नहीं होगी नमाज, मस्जिदों में पढ़ेंगे सिर्फ पांच लोग
शहर की ईदगाह में नहीं होगी नमाज, मस्जिदों में पढ़ेंगे सिर्फ पांच लोग

रामपुर : ईद का चांद नजर आ गया। अब शुक्रवार को जिलेभर में ईद मनाई जाएगी। कोरोना के चलते इस बार शहर की ईदगाह में नमाज नहीं होगी। मस्जिदों में भी पांच लोग ही नमाज पढ़ सकेंगे। लोग घरों में रहकर ही सादगी से ईद मनाएंगे। हाथ मिलाने और गले मिलने से भी परहेज करेंगे।

गुरुवार को रमजान का महीना पूरा हो गया। शाम को ईद का चांद भी नजर आ गया। इसके साथ ही लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद देना शुरू कर दी। लेकिन, इस बार ईद सादगी से ही मनाई जाएगी। कोरोना महामारी के कारण लोग ना तो एक दूसरे से हाथ मिला पाएंगे और ना ही गले मिल पाएंगे।

शहर काजी खुशनूद मियां का कहना है कि शहर की ईदगाह में नमाज नहीं होगी। काजी ए शरआ और जिला मुफ्ती सैयद फैजान मियां का कहना है कि मस्जिदों में भी केवल पांच लोग ही नमाज पढ़ सकेंगे। उनका कहना है कि लोग सादगी से ईद मनाएं। नए लिवास पहने और गरीबों की मदद करें, ताकि उनके घरों में भी ईद की खुशियां मनाई जा सकें। दूसरी ओर गुरुवार को लोगों ने गली मुहल्लों में सिवई, खजला आदि की खरीदारी की।

एक साथ पांच लोग ही पढ़ें नमाज

बिलासपुर : क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार चौधरी ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से ईद की नमाज पांच लोगों के साथ नमाज अदा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन कराने पर जोर दिया।

गुरुवार को सीओ ने नगर के विभिन्न मुहल्लों में उलमा से वार्ता कर ईद की नमाज एक साथ अदा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से आह्वान किया कि वे घरों में रहकर दो गज की दूरी का पालन करते हुए खुशियां बांटे। बेवजह घर से न निकलें। इस दौरान उन्होंने मस्जिदों के इमामों से बातचीत कर एक साथ पांच लोगों को ही ईद की नमाज अदा करने की अपील की। साथ ही चेताया कि यदि एक साथ पांच से अधिक लोग धार्मिक स्थल के अंदर मिले तो कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने मुहल्ला विशारतनगर, टांडा हुरमतनगर, शीरी मियां, भट्टी टोला, साहूकारा, बाजार कलां आदि मस्जिदों का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने शिवनगर, रामनगर, भैंसिया ज्वालापुर आदि गांवों का भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। बोले, बढ़ते कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। इसलिए त्योहार पर नियमों का पालन करते हुए शारीरिक दूरी बनाएं रखें। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक अपराध शाखा पूरन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी