जिले में 29 दिव्यांग बने शिक्षक, नियुक्ति पत्र सौंपे

रामपुर जनपद में 29 दिव्यांग भी शिक्षक बन गए हैं। इनमें पांच महिला और 24 पुरुष शामिल हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:13 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:13 PM (IST)
जिले में 29 दिव्यांग बने शिक्षक, नियुक्ति पत्र सौंपे
जिले में 29 दिव्यांग बने शिक्षक, नियुक्ति पत्र सौंपे

रामपुर : जनपद में 29 दिव्यांग भी शिक्षक बन गए हैं। इनमें पांच महिला और 24 पुरुष शामिल हैं। शुक्रवार को इन्हें प्रदेश के जल शक्ति उर्जा मंत्री बल्देव सिंह औलख ने नियुक्ति पत्र सौंपे तो इनके चेहरे खिल उठे। जिला सहकारी बैंक सभागार में हुए कार्यक्रम में कुल 130 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कोरोना काल के दौरान भी मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने अनेक नवीन कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सरकार द्वारा सबका साथ, सबका विकास की मंशा के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की समृद्धि और संपन्नता को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, उन्हें पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल की उपलब्धता हो और उनकी शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न होने पाए इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मिलक विधायक राजबाला ने सभी नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मात्र एक नौकरी नहीं है, बल्कि यह अत्यंत जिम्मेदारी का कार्य है, जिसमें माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए अध्यापकों को जिम्मेदारी के रूप में सौंपते हैं। इसलिए अध्यापक अपने दायित्व का अत्यंत जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। वर्तमान सरकार द्वारा शिक्षा के प्रत्येक स्तर में अमूल चूल सकारात्मक परिवर्तन किए गए हैं, ताकि बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल मिल सके और उनके उज्जवल भविष्य का निर्माण हो सके।

जिलाधिकारी रविद्र कुमार मांदड ने कहा कि जिस उम्मीद और आशा के साथ सहायक अध्यापक के रूप में नवनियुक्तों को जिम्मेदारी दी गई है, वह अपनी जिम्मेदारी को समझें और उसका पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करें। सरकार द्वारा मिशन कायाकल्प की शुरुआत करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि विद्यालयों में बच्चों की सुविधा और उनकी शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए हर जरूरी संसाधन उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज, प्राचार्य डायट नीलम टम्टा, बीएसए कल्पना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी