..कहां जा रहे हो, स्नान नहीं करना है, वापस लौटो

- कार्तिक पूर्णिमा मेला पर रोक के बाद खाकी हुई सख्त घाटों के आसपास पसरा सन्नाटा - बैरीकेडिग लगाकर गंगा तटों तक पहुंचने से पहले श्रद्धालुओं और व्यापारियों को लौटाया

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 11:55 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 11:55 PM (IST)
..कहां जा रहे हो, स्नान नहीं करना है, वापस लौटो
..कहां जा रहे हो, स्नान नहीं करना है, वापस लौटो

रायबरेली : कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन स्तर से कार्तिक पूर्णिमा मेला और सामूहिक स्नान पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रविवार को सुबह से ही जिले की सीमाओं पर बैरीकेडिग कर दी गई। वहीं घाटों की ओर जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी की गई। बैलगाड़ी, ट्रैक्टर और निजी साधन से स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बैरंग लौटा दिया। इस दौरान व्यापारियों को भी नहीं फटकने दिया। खासतौर पर डलमऊ, ऊंचाहार, सरेनी, लालगंज क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

इनसेट

पांच सौ पुलिस कर्मी तैनात, कार्रवाई के निर्देश

संसू, डलमऊ : वैश्विक महामारी को देखते हुए घाटों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। तहसीलदार प्रतीत त्रिपाठी ने वीआइपी घाट पर तैयारियों का जायजा लिया। ऐहतिहात के तौर पर समूचे मेला क्षेत्र को तीन जोन, चार सेक्टर में बांटा गया है। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोविड 19 की गाइड़ लाइन का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना व वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी। इतने कर्मियों के कंधों पर सुरक्षा का जिम्मा

डलमऊ में यह है व्यवस्था

राजपत्रित अधिकारी- 05

इंस्पेक्टर - 14

सब इंस्पेक्टर - 40

हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल - 300

महिला सिपाही - 50

यातायात पुलिस - 05

पीएसी जवान - 80

बाढ़ राहत दल - एक प्लाटून

(आंकड़े पुलिस के अनुसार)

सड़कों पर बैरीकेडिग, घाटों से वापस हो रहे श्रद्धालु

संसू, ऊंचाहार : कार्तिक पूर्णिमा पर स्थानीय लोगों के साथ दूरदराज के हजारों लोग गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाते हैं। कोरोना महामारी के कारण इस बार श्रद्धालुओं को वापस किया जा रहा है। गोकना घाट, पूरे तीर, खरौली, बादशाहपुर, गोला घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन जगदीशपुर, तिलोई, फुरसतगंज, महाराजगंज, जायस, नसीराबाद, सलोन सहित दूरदराज के श्रद्धालु आते थे। इस बार पुलिस प्रशासन द्वारा जमुनापुर चौराहा, खरौली तिराहा, सवैया तिराहा, पानी टंकी गोकना आदि मार्गों पर बैरीकेडिग लगा दी गई है। बावजूद पैदल जाने वाले लोग गंगा तटों तक पहुंच गए हैं, उन्हें भी पुलिस वापस घर भेज रही है। घाटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए समूचे मेला क्षेत्र में पुलिस की तैनाती की गई है।

chat bot
आपका साथी