महिला बीट अधिकारियों के लिए आदर्श बीट बुक

-- आइजी ने मुख्यमंत्री के सामने की प्रशंसा कई जिलों से बीट बुक के लिए आ रहे फोन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 11:42 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:42 PM (IST)
महिला बीट अधिकारियों के लिए आदर्श बीट बुक
महिला बीट अधिकारियों के लिए आदर्श बीट बुक

रायबरेली : मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला बीट अधिकारियों के लिए विशेष तौर पर बीट बुक तैयार की गई है। इस बीट बुक को माडल बताते हुए आइजी ने मुख्यमंत्री के समक्ष भी पेश किया, जिसकी काफी तारीफ हुई। अब इसी तरह प्रदेश के दूसरे जनपदों में भी बीट बुक बनवाए जाने की बात कही जा रही, हालांकि इसका निर्णय उच्च स्तर पर होगा।

जिले में मिशन शक्ति के तहत 136 बीट बनाई गई हैं। इनमें 250 महिला बीट अधिकारी नियुक्त हैं। इनके लिए विशेष बीट बुक तैयार कराई गई है। इसमें सबसे खास इसकी प्रस्तावना है, जिसमें बीट के अधिकारियों को उनके कार्य के बाबत विस्तार से बताया गया है। उदाहरण के तौर पर बीट अधिकारी को दो से तीन दिन में एक गांव का भ्रमण करना है, मिशन शक्ति केंद्र में महिलाओं से संवाद की जानकारी शामिल है। इसी तरह गांव में लगने वाले मेला, बाजार का विवरण, महिला संबंधी अपराध, जेल से छूटने के बाद आरोपित की निगरानी, पीड़िता से संवाद, थाने में गठित महिला समितियों के सहयोग से कार्यक्रम कराने का भी जिक्र है। वहीं, पुरुष बीट बुक में आपराधिक गतिविधियों जैसे अवैध शराब, मादक पदार्थ, जमीनी विवाद आदि पर ज्यादा फोकस रहता है।

मुख्यमंत्री को दिखाया प्रारूप

गत दिनों कानून-व्यवस्था को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिग हुई। इसमें आइजी लक्ष्मी सिंह ने रायबरेली पुलिस द्वारा तैयार बीट बुक मुख्यमंत्री को दिखाई थी। उसके बाद से कई जिलों के अफसर यहां के अधिकारियों से संपर्क करके बीट बुक के प्रारूप की जानकारी मांग रहे हैं।

अन्य जिलों ने बदला सिर्फ कवर पेज

बीट बुक जिलों में ही प्रिट कराई जाती हैं। महिला बीट अधिकारियों के लिए बनी बीट बुक भी जिला स्तर पर ही प्रिट कराई गई। जानकारी में आया कि कई जनपदों में सिर्फ बुक का कवर पेज ही बदला गया, अंदर पुरुष बीट बुक का मैटर ही लिखा मिला। मिशन शक्ति अभियान के बाबत उसमें कोई जानकारी नहीं दी गई। ऐसे जिलों में अब फिर से नए प्रारूप में बीट बुक तैयार कराई जा रही है।

रायबरेली पुलिस द्वारा तैयार बीट बुक की प्रशंसा आइजी ने की है। इसके बारे में जानकारी के लिए कई जिलों से फोन आ रहे हैं। महिला बीट अधिकारियों के लिए इसे विशेष तौर पर तैयार किया गया है।

श्लोक कुमार, पुलिस अधीक्षक

chat bot
आपका साथी