उफनाया तालाब, सौ से अधिक घरों में भरा पानी

गंगा नदी के निकट स्थित पूरे रखा ओर पूरे सहाय में बिगड़े हालात ग्रामीण बेहाल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 11:59 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:59 PM (IST)
उफनाया तालाब, सौ से अधिक घरों में भरा पानी
उफनाया तालाब, सौ से अधिक घरों में भरा पानी

रायबरेली : पूरे रखा और पूरे सहाय गांव के करीब सौ मकान जलमग्न हो गए। घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। जहरीले जंतुओं का खतरा बना है। वहीं, अनाज भीग जाने के कारण भोजन के लाले पड़ गए हैं।

गंगा कटरी क्षेत्र रालपुर से जुड़े दोनों पुरवों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। यहां पर बारिश का पानी तालाब में भर जाता है। शुक्रवार को हुई बारिश से तालाब का पानी उफना गया, जो गांव में भरने लगा। देखते ही देखते कुछ ही घंटों में घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। ग्रामीणों ने सूचना प्रधान को दी। इसी तरह मदारपुर गांव में भी कई घर जलमग्न हो गए। कृष्ण कुमार, देवीदयाल, मुकेश कुमार, गंगा दयाल, शंकर कुमार, बिदादीन आदि के घरों में पानी भरा हुआ है। इनका कहना है कि मवेशी भी पानी में हैं। गृहस्थी बचाना मुश्किल हो गया हैँ।

जल निकासी की आई याद, दौड़े अधिकारी

ग्राम प्रधान कमलेश कुमार ने गांव में पानी भरे होने की सूचना बीडीओ को दी तो सरकारी अमला हरकत में आ गया। खंड विकास अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी के निर्देश पर सफाई कर्मियों की टीम पूरे रखा गांव पहुंची। जल निकासी के लिए नाले की सफाई और खोदाई का काम शुरू करा दिया गया। प्रधान ने बताया कि नाले से पानी गंगा की ओर चला जाएगा।

ढही कोठरी, बाल-बाल बचे लोग

सगरा गांव में कच्ची कोठरी भरभराकर ढह गई। गनीमत रही कि घर के उस हिस्से में कोई नहीं था। आसपास के लोगों ने मलबे में दबी गृहस्थी को बाहर निकाला। पीड़िता रेखा सिंह ने बताया कि पति राम प्रताप लुधियाना में मजदूरी करते हैं। अब बच्चों के साथ दूसरे के घर में सिर छिपाने की मजबूरी है। लेखपाल राजकुमार का कहना है कि मौके का निरीक्षण करके रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी है।

chat bot
आपका साथी