चुनाव के वक्त दुखद घटना का इंतजार करते हैं कुछ लोग : डा. दिनेश शर्मा

उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:25 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:25 PM (IST)
चुनाव के वक्त दुखद घटना का इंतजार करते हैं कुछ लोग : डा. दिनेश शर्मा
चुनाव के वक्त दुखद घटना का इंतजार करते हैं कुछ लोग : डा. दिनेश शर्मा

रायबरेली : उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा पर भी निशाना साधा। बोले- कुछ लोग ऐसे हैं जो चुनाव के वक्त दुखद घटना का इंतजार करते हैं। इनकी सोच घटना को लेकर सकारात्मक नहीं रहती। नकारात्मक सोच वालों को जनता नापसंद कर देती है।

डिप्टी सीएम गुरुवार को यहां एक दिवसीय दौरे पर आए थे। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित अमृत क्रीड़ा महोत्सव कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के बाद खेलों को बढ़ावा देने का काम सरकार कर रही है। सौ करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। यूपी में ये संख्या 12 करोड़ पहुंच चुकी है। महामारी के दौरान बड़े राष्ट्रीय दलों के नेता घर पर बैठकर ट्विटर-ट्विटर खेल रहे थे। कह रहे थे कि भाजपा की वैक्सीन है, नहीं लगवाएंगे। उनके दुष्प्रचार पर जनता का करारा जवाब सामने है। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका, ब्रिटेन, जापान जैसे विकसित देश महामारी से झुलस रहे थे, उस वक्त देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैक्सीन की खोज पर ज्यादा गंभीर थे। पहले जब भी बीमारियों ने पैर पसारे, हमने विदेश से टीके मंगवाए। इस बार कोरोना काल में हमने वैक्सीन खोजी जो सबसे ज्यादा कारगर साबित हुई। अब तक कई देशों के जानकार इस पर रिसर्च कर रहे हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान जब उनसे पूछा गया कि प्रियंका ने 40 प्रतिशत सीटों पर महिला उम्मीदवार को उतारने और छात्राओं को स्कूटी देने की बात कही है। इस पर डा. शर्मा ने जवाब दिया कि इनको कभी कोई योजना और घोषणा पूरा ही नहीं करना है। भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। साढ़े चार लाख नौकरियों में महिलाओं को सबसे आगे रखा गया। डिप्टी सीएम ने प्रतिभा सम्मान समारोह और अन्य कार्यक्रमों में शिरकत की।

chat bot
आपका साथी