असलहे के बल पर महिला को बंधक बना लाखों की लूटपाट

- पड़री गनेशपुर गांव में बुधवार की रात नकाबपोश लुटेरों ने वारदात को दिया अंजाम - घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को कमरों में किया लॉक महिला को धमकाया

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 11:49 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 11:49 PM (IST)
असलहे के बल पर महिला को बंधक बना लाखों की लूटपाट
असलहे के बल पर महिला को बंधक बना लाखों की लूटपाट

रायबरेली : नकाबपोश लुटेरों ने दरवाजे पर सो रही महिला को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। परिवार के अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर सवा दो लाख रुपये व आभूषण लूट ले गए। वारदात शहर के पड़री गनेशपुर गांव में बुधवार की रात हुई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

उक्त गांव निवासी महेश यादव की पत्नी गायत्री दरवाजे के सामने चारपाई पर सो रही थीं। रात करीब 12 बजे तीन-चार नकाबपोश लुटेरे उनके पास आ धमके। असलहा लगाकर अलमारी व लाकर की चाबी मांगी। एक लुटेरे ने उनका मुंह दबा दिया। डर के मारे महिला ने चाबियां दे दीं। एक लुटेरा घर के अंदर घुसा और उन कमरों में बाहर से कुंडी लगा दी, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। अलमारी का लाकर खोलकर करीब चार लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसमें सवा दो लाख रुपये के अलावा आभूषण हैं। करीब घंटेभर तक लूटपाट कर लुटेरे फरार हो गए। उनके जाने के बाद महिला ने शोर मचाया और कमरों में बंद परिवारजन को जगाया। रात में ही डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पुलिस रिस्पांस व्हीकिल (पीआरवी) पहुंची। पुलिस टीम ने वारदात के संबंध में पूछताछ की। पीड़िता ने बताया कि उसे गांव के ही बचोले तिवारी पर शक है कि वह लूट में शामिल था। पुलिस उसके घर गई, लेकिन वह नहीं मिला।

कोतवाल अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वारदात करने वालों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। नामजद आरोपित पकडा जाएगा, तो बाकी लुटेरे भी शिकंजे में आ जाएंगे। जल्द ही लूट का राजफाश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी