सकारात्मक सोच से आगे बढ़ें, सफलता कदम चूम लेगी

रायबरेली राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान में शनिवार को 10वें दीक्षा समारोह का भव्य आयोजन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 12:11 AM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 12:11 AM (IST)
सकारात्मक सोच से आगे बढ़ें, सफलता कदम चूम लेगी
सकारात्मक सोच से आगे बढ़ें, सफलता कदम चूम लेगी

रायबरेली : राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान में शनिवार को 10वें दीक्षा समारोह का भव्य आयोजन कर मेधावियों को मेडल व अवा‌र्ड्स दिए गए। 261 छात्रों को उपाधियां देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कहा गया कि सकारात्मक सोच के साथ आगे बढि़ए, सफलता कदम चूम लेगी।

सचिव, वस्त्र मंत्रालय उपेंद्र प्रसाद सिंह बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए और आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने निफ्ट के स्थापना वर्ष 2007 से अब तक का सफर प्रदर्शित करती काफी टेबल बुक का अनावरण भी किया। उन्होंने 2020 व 2021 के लिए 261 स्नातक व परास्नातक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की। इसके साथ ही 64 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल व अवा‌र्ड्स दिए। सभी विभागों को मिलाकर 2020 के लिए निफ्ट एक्सट्रा आर्डिनरी सर्विस अवार्ड सुरभि वोहरा व निफ्ट स्टूडेंट आफ द ईयर अवार्ड पूर्णिमा यादव को मिला। इसी तरह 2021 में निफ्ट एक्सट्रा आर्डिनरी सर्विस अवार्ड अंकिता सिंह व निफ्ट स्टूडेंट आफ द ईयर अवार्ड आकांक्षा त्रिवेदी को दिया गया।

उन्होंने कहा कि विपत्ति कायरों को विचलित करती है, सूरमाओं को नहीं। विषम परिस्थितियों में भी अवसर तलाशना एवं अपने को साबित करना ही असली सफलता है। फैशन जगत में मांग एवं पूर्ति पर कहा कि भारतीय उत्पादों की मांग पूरे विश्व में बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने व्यवसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन में हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण रखने के साथ अपने संस्थान से जुड़कर सदैव उसकी प्रगति में सहयोग करना चाहिए। देश में बहुत कुछ करने की संभावनाएं हैं। युवा विद्यार्थी देश को विश्व पटल पर अपना उच्च स्थान बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। अगर आप मेधावी हैं तो गरीबी या पिछड़ापन आपके सफलता में बाधक नहीं बन सकती है।

निदेशक निफ्ट डा. भारत शाह ने शैक्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि डा. शिजू महाजन प्रमुख शैक्षणिक मामले ने कहा कि जीवन में हमेशा नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखें। जाविद अहमद वानी, वीरेंद्र कुमार, डा. विद्या राकेश, नंदन सिंह बोरा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी