शर्तों के साथ आज से खुल जाएंगे मॉल और रेस्टोरेंट

- धार्मिक और वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे 50 लोग शारीरिक दूरी के नियम के अनुपालन पर जोर दुकानें खुलने का समय दो घंटे बढ़ा सरकारी कार्यालय और निजी कंपनियों में कोविड हेल्प डेस्क अनिवार्य

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 11:09 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 11:09 PM (IST)
शर्तों के साथ आज से खुल जाएंगे मॉल और रेस्टोरेंट
शर्तों के साथ आज से खुल जाएंगे मॉल और रेस्टोरेंट

रायबरेली : करीब ढ़ाई महीने बाद मॉल्स और रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति प्रशासन ने जारी कर दी है। सप्ताह में पांच दिन सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक दूसरे प्रतिष्ठानों की भांति इन्हें भी खोला जा सकेगा। सिनेमाहाल, स्वीमिग पूल, जिम, स्टेडियम खोलने पर अभी पाबंदी है। स्कूलों में शिक्षण कार्य के लिए भी अभी कोई नियम नहीं आया है।

पहले सुबह सात से शाम सात बजे तक ही दुकानें खोले जाने का निर्देश था, अब इसमें दो घंटे की बढ़ोतरी कर दी गई है। साथ ही वैवाहिक और धार्मिक कार्यक्रमों में 50 लोगों के शामिल होने की छूट दी गई है, जोकि पहले कम थी। रेस्टोरेंट में बैठकर खाने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी, बशर्ते ग्राहकों को शारीरिक दूरी का पालन कराया जाए। मॉल्स के गेट पर पल्स आक्सीमीटर, इन्फ्रारेड थर्मामीटर और सैनिटाइजर के साथ ही कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करना अनिवार्य किया गया है। सब्जी मंडिया पूर्व की भांति खुली रहेंगी, परंतु घनी आबादी में संचालित मंडियों को प्रशासन खुले स्थान पर संचालित कराने का प्रयास करेगा। प्रत्येक सब्जी मंडी स्थल में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना होगी। सरकारी और निजी कार्यालयों में भी कोविड गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। निजी कंपनी के संचालकों से कहा गया है कि अभी वे अपने कर्मचारियों से वर्क फ्राम होम ही कराएं। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने पुलिस को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि कहीं भीड़ इकट्ठा न होने पाए और जुलूस आदि न निकाला जाए।

हेलमेट और मास्क अनिवार्य बाइक पर दो लोगों के बैठने की छूट दी गई। दोनों को हेलमेट और मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। ऑटो रिक्शा पर चालक के अतिरिक्त दो, ई-रिक्शा में तीन और चार पहिया में चार लोग ही बैठ सकेंगे।

मिले तीन संक्रमित, 18 रिकवर्ड

रविवार को कोरोना के सिर्फ तीन मरीज मिले हैं। 18 लोगों ने महामारी को मात दी है। सक्रिय केस भी 117 बचे हैं। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सप्ताह में पांच दिन बाजार खुल रही है। इस दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना न भूलें। महामारी से बचने के लिए सतर्क होकर रहना सबसे जरूरी है।

chat bot
आपका साथी