प्रेम प्रसंग छिपाने के लिए मासूम को मार डाला

हत्या करने के बाद कुएं में फेंका शव आरोपित युवक व बची की मां गिरफ्तार।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 11:50 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 11:50 PM (IST)
प्रेम प्रसंग छिपाने के लिए मासूम को मार डाला
प्रेम प्रसंग छिपाने के लिए मासूम को मार डाला

रायबरेली : विवाहिता से प्रेम संबंधों को छिपाने के लिए प्रेमी ने उसकी बेटी की हत्या कर दी। वारदात में महिला ने भी प्रेमी का साथ दिया। पुलिस ने मासूम का शव बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

बलभद्रपुर गांव निवासी संतोष कुमार मुंबई में नौकरी करता है। गांव में उसकी पत्नी रेनू, पांच वर्षीय पुत्री आरुषि और पिता छिट्टन रह रहे थे। कुछ दिन पहले ही रेनू बेटी के साथ अपने मायके सुरसना गांव चली गई थी। गत 31 मार्च को ससुराल जाने की बात कहकर रेनू घर से निकली। लेकिन, बलभद्रपुर न जाकर बिबियापुर में अपने प्रेमी सचिन के घर रुक गई। एक अप्रैल को भी दोनों वहीं रुके। इसी बीच आरुषि ने ये कह दिया कि मां आप दूसरे के घर पर रुकी हो, ये बात मैं बाबा से बता दूंगी।

सचिन को ये बात अखर गई। उसे लगा कि बच्ची की वजह से उसका प्रेम प्रसंग जगजाहिर हो जाएगा। दो अप्रैल को वह रेनू और आरुषि को उनके घर छोड़ने के लिए बाइक से निकला। आरोप है कि बलभद्रपुर के पास सचिन ने आरुषि की गला दबाकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देते वक्त रेनू भी उसके साथ थी। बाद में दोनों वापस बिबियापुर लौट आए।

उधर, रेनू के घर नहीं आने पर छिट्टन को चिता हुई और पांच अप्रैल को वह बहू और पोती को खोजते हुए सचिन के घर पहुंच गए। तब भी दोनों ने कुछ नहीं बताया। छह अप्रैल को जब कुएं से आरुषि का शव मिला तो हाहाकार मच गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि मासूम के हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रेम प्रसंग में वारदात की बात सामने आई है।

सचिन ने खा लिया था जहर :

मासूम बच्ची की हत्या के बाद सचिन को ग्लानि महसूस हुई। उसने तीन अप्रैल को जहरीला पदार्थ खा लिया, हालांकि इलाज मिलने पर उसकी जान बच गई। बावजूद इसके, सचिन और रेनू आरुषि के बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं थे। शव मिलने के बाद उन्होंने अपना मुंह खोला।

chat bot
आपका साथी