सेवाभाव से स्वयं सेवक बढ़ाएंगे संक्रमितों का आत्मविश्वास

- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा बरातीलाल गंगाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बनाया आइसोलेशन वार्ड

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 12:01 AM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 12:01 AM (IST)
सेवाभाव से स्वयं सेवक बढ़ाएंगे संक्रमितों का आत्मविश्वास
सेवाभाव से स्वयं सेवक बढ़ाएंगे संक्रमितों का आत्मविश्वास

रायबरेली : कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ऐसी परिस्थिति में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने सेवाभाव का जज्बा दिखाने का निर्णय लिया है। रायबरेली में तीमारदारों की सुविधा के लिए आश्रय केंद्र खोला। अब लालगंज में संक्रमितों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आइसोलेशन केंद्र। यहां पर कोरोना पॉजिटिव की देखरेख की जिम्मेदारी स्वयं सेवक उठाएंगे। इस दौरान भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने और निरोगी होने के लिए काढ़ा, पौष्टिक आहार के साथ ही योग की भी व्यवस्था होगी।

नगर संघ चालक ने आइसोलेशन वार्ड का किया लोकार्पण

रविवार देर शाम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ इकाई लालगंज के नगर संघ चालक शीतला ने पूरेबाबा मुहल्ला स्थित बरातीलाल गंगाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड का लोकार्पण किया। जिला प्रचारक मनीष ने बताया कि कई परिवार ऐसे होते हैं, जिनमें व्यक्ति के संक्रमित होने के बाद आर्थिक स्थिति अच्छी न होने पर उपचार कराने की समस्या आती है। कुछ परिवारों में सदस्यों की कमी के चलते तीमारदार ही नहीं होते। ऐसे संक्रमित व्यक्ति यहां पर आइसोलेट हो सकते हैं।

15 बेड की सुविधा, सेवानिवृत्त चिकित्सक करेंगे उपचार

आइसोलेशन वार्ड 15 बेड का है। इसमें असहाय, निराश्रित संक्रमितों के उपचार, भोजन आदि की निश्शुल्क व्यवस्था रहेगी। संघ से जुड़े तीन सेवानिवृत्त चिकित्सक रोगियों का उपचार करेंगे। इसके अलावा अन्य चिकित्सक ऑनलाइन परामर्श देंगे। परामर्श से उपचार लेने वाले 18 संक्रमित अब तक ठीक हो चुके हैं।

जल्द ही शुरू होगी अवध रसोई

जिला प्रचारक ने बताया कि 15 मई से सभी जरूरतमंदों को भोजन के लिए अवध रसोई शुरू करने की तैयारी की जा रही है। स्वयं सेवक नगर से लेकर गांवों तक में सैनिटाइजेशन कर रहे हैं। जरूरतमंदों को काढ़ा का पैकेट, सैनिटाइजर व मास्क दे रहे हैं। एलटू हॉस्पिटल में मरीजों व तीमारदारों को शाम के समय काढ़ा के साथ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शव वाहन की व्यवस्था भी है।

chat bot
आपका साथी