खेत की रखवाली कर रहे किसान की गला घोंटकर हत्या

ड्रेन के पास मिला शव गले में लिपटा था गमछा तहकीकात में जुटी पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 12:11 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 12:11 AM (IST)
खेत की रखवाली कर रहे किसान की गला घोंटकर हत्या
खेत की रखवाली कर रहे किसान की गला घोंटकर हत्या

रायबरेली : खेत की रखवाली कर रहे किसान की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, लेकिन अबतक कारणों या हत्यारों के बारे में पता नहीं चला।

कचनावां गांव निवासी रामअधीन बुधवार की शाम खाना खाने के बाद खेत की रखवाली करने चले गए। उनके घर से खेत की दूरी करीब आधा किमी है। गुरुवार की सुबह उनका शव खेत से करीब सौ मीटर दूर महराजगंज ड्रेन के पास पड़ा था। गले में गमछा कसा हुआ था। पुलिस से पहुंचकर छानबीन की। शव के आसपास मिले पैरों के निशान के फोटो कराए। परिवारजन से अलग-अलग पूछताछ की। गांववालों से भी जानकारी ली। सीओ इंद्रपाल सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। अबतक हत्यारों के बारे में पता नहीं चल सका।

दो शादियां, तीन बच्चे

राम अधीन मूलरूप से पूरे नंगू सिंह मजरे जगदीशपुर के रहने वाले थे। विवाह के बाद पत्नी महराना के साथ ससुराल में ही बस गए। इनके दो बच्चे प्रेमलाल और राम नरेश हुए। करीब 40 वर्ष पहले पहली पत्नी की मौत होने के बाद उन्होंने रामदुलारी से दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से बेटी कमलेश हुई। दोनों बेटों को तीन-तीन बीघे जमीन बांट दी, वे गांव में ही अलग-अलग मकान बनाकर रहने लगे। बेटी की भी शादी कर दी। खुद पत्नी, बेटी व दामाद के साथ अलग मकान में रहने लगे। उन्हें साढ़े तीन बीघे जमीन पट्टे पर मिली थी, इसी से गुजर-बसर कर रहे थे। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में हत्या क्यों हुई? यह यक्ष प्रश्न है।

किसान की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। तहकीकात की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश किया जाएगा।

पवन प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष डीह

chat bot
आपका साथी