झमाझम बारिश से शहरवासी परेशान, उड़द और मेंथा की फसलों को नुकसान

-धान की रोपाई के लिए मुफीद बारिश का पानी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 10:28 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 10:28 PM (IST)
झमाझम बारिश से शहरवासी परेशान, उड़द और मेंथा की फसलों को नुकसान
झमाझम बारिश से शहरवासी परेशान, उड़द और मेंथा की फसलों को नुकसान

रायबरेली : गुरुवार की सुबह दस बजे एकाएक झमाझम बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक बादल धीरे तो कभी तेज बरसते रहे। इसके कारण शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। घरों और दुकानों में पानी भर गया। वहीं, यह बारिश धान की खेती के लिए मुफीद मानी जा रही। हालांकि उड़द और मेंथा की फसलों को नुकसान होगा।

शहर में सर्वोदय नगर, कृष्णा नगर, इंदिरा नगर, जवाहर विहार कॉलोनी, मलिकमऊ, निराला नगर, मानस नगर, बजरंग नगर, राना नगर, कैलाशपुरी, गवर्नमेंट कालोनी, सम्राट नगर सहित अधिकांश मुहल्लों में जलभराव से लोग परेशान रहे। पानी की निकासी के लिए लोग दिनभर नगरपालिका के अधिकारियों को फोन लगाते रहे, लेकिन राहत नहीं मिली।

फसलों की कटाई के समय बारिश से होगा नुकसान

जगतपुर : मनोहरगंज, शंकरपुर, दौलतपुर, गोकुलपुर, पूरे वीर, तिवारीपुर सहित सैकड़ों गांवों के किसान उड़द, मूंग तथा मेंथा की खेती करते हैं। इस समय इनकी कटाई हो रही है। अचानक हुई तेज बारिश से खेतों में जलभराव होने की वजह से फसल भीग गई। रामचंद्र, वृंदावन, नीरज, राम दयाल ने बताया है कि उड़द और मूंग की फसल भीगने पर अंकुरित हो जाती है, जिसकी वजह से वजह से उत्पादन कम हो जाता है। मेंथा की पत्तियां भीगने पर सड़ जाती हैं, इससे तेल की मात्रा कम हो जाती। उधर, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के किनारे रहने वाले अभिजीत द्विवेदी, मनीष श्रीवास्तव, रमेश मौर्य, अमित मौर्य, अमित त्रिवेदी आदि के घरों में गंदा पानी भर गया।

सड़कों पर नहर की तरह बहा पानी

लालगंज : नालों की सही ढंग से सफाई न होने के कारण नगर की सड़कें नहर की तरह नजर आईं। नालियों का गंदा पानी उफनाया और सड़क पर बहते हुए दुकानों और घरों में घुस गया। सर्राफा मंडी व प्रधान डाकघर से लेकर सब्जी मंडी मोड़ तक सड़क पानी में डूबी रही। मंडी समिति और ब्लॉक परिसर में भी यही नजारा दिखा।

दुकानों में घुसा पानी

हरचंदपुर : रघुवीरगंज बाजार में बारिश की वजह से घरों और दुकानों में पानी भर गया। लोग बाल्टी और मग से पानी को बाहर निकालते नजर आए।

chat bot
आपका साथी