भाजपा ने बुना सियासी जाल, कांग्रेसी खेमे में सन्नाटा

एससी को आरक्षित सीटों पर पूर्व कमिश्नर समेत संगठन के मौजूदा और पूर्व पदाधिकारियों को मौका

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 12:15 AM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 12:15 AM (IST)
भाजपा ने बुना सियासी जाल, कांग्रेसी खेमे में सन्नाटा
भाजपा ने बुना सियासी जाल, कांग्रेसी खेमे में सन्नाटा

रायबरेली : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने अपना सियासी जाल बुन दिया है। ऐसे प्रत्याशियों को उतारा गया है, जो हर मोर्चे पर खरे उतरे। उधर, सपा भी अपने 29 दावेदार घोषित कर चुकी है, लेकिन कांग्रेसी खेमे में अब तक सन्नाटा छाया हुआ है। इससे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। यह बात अलग है कि कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं।

भारतीय जनता पार्टी ने जिला पंचायत सदस्य के 52 पदों पर अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पूर्व मंडलायुक्त बृजलाल पासी के अलावा संगठन के कुछ मौजूदा और पूर्व पदाधिकारियों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इनमें से कई अपने परिवार की महिलाओं को आगे कर पीछे से खुद चुनाव लड़ेंगे। खास बात यह है कि ऐसे ज्यादातर प्रत्याशी अनुसूचित जाति को आरक्षित सीट से चुनाव लड़ेंगे। ताकि, आगे चलकर जरूरत पड़ने पर जिपं अध्यक्ष के लिए इन्हें उतारा जा सके। यही नहीं अध्यक्ष के चुनाव में कहीं से पार्टी कमजोर न पड़े, इसलिए भरोसेमंद कार्यकर्ताओं को मौका दिया गया है। जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुमन सिंह इस बार महिला को आरक्षित हरचंदपुर तृतीय सीट से पार्टी की ओर से चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मायूसी

उधर, सपा पहले ही दो बार में अपने 29 समर्थित प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इन दावेदारों ने अपने पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। जबकि, कांग्रेस अब तक खामोशी की चादर ओढ़े बैठी है। पार्टी के तमाम कार्यकर्ता चुनाव लड़ने का पूरा मन बना चुके हैं। उन्हें इंतजार है तो सिर्फ पार्टी से हरी झंडी का। नामांकन की घड़ी आने के बाद भी संगठन की ओर से कोई निर्णय न लिए जाने से कार्यकर्ताओं में मायूसी है। हालांकि, कांग्रेस प्रवक्ता विनय द्विवेदी का कहना है कि एक-दो दिन में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी