सेवा समाप्ति की चेतावनी पर बिफरीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

जिला परियोजना अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकाला जुलूस

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 12:13 AM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 12:13 AM (IST)
सेवा समाप्ति की चेतावनी पर बिफरीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
सेवा समाप्ति की चेतावनी पर बिफरीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

रायबरेली : जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सेवा समाप्ति की चेतावनी देने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में बुधवार को जबरदस्त आक्रोश रहा। विकास भवन परिसर में धरने के दौरान डीपीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

मंगलवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी ने विकास भवन में धरना दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका एसोसिएशन जिलाध्यक्ष लीना पांडेय समेत 16 कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया था। इससे कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया। विकास भवन में जिला कार्यक्रम अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्रवाई का भय दिखाकर आंदोलन को दबाया जा रहा है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। हक के लिए हम पीछे नहीं हटेंगे। रेखा मिश्रा ने कहा कि लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। संघर्ष में पीछे नहीं हटेंगे।

बीना श्रीवास्तव और रचना श्रीवास्तव ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई। साथ ही आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने विकास भवन से शहीद चौक तक जुलूस निकाला। प्रियंका सिंह, शीला वर्मा, शमी बेगम, मधूलता मिश्रा, रेहाना परवीन, लक्ष्मी वर्मा, सत्यवती, संगीता देवी, रानी, राजरानी, सुशीला देवी, पार्वती देवी शामिल रहीं। आज से दो घंटे का कार्यबहिष्कार करेंगे फार्मासिस्ट

रायबरेली : कई दिनों से आंदोलन की राह पर चल रहे फार्मासिस्ट गुरुवार से दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। आपातकालीन सेवाओं को छोड़ अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाएं इससे प्रभावित होंगी।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की ओर से वेतन विसंगति, संवर्ग का पुनर्गठन, पद नाम परिवर्तन, बेसिक ग्रेड-पे 4600 करने समेत 20 सूत्री मांगें उठाई गई थीं। शासन की ओर से इन्हें पूरा न करने पर इन स्वास्थ्य कर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया है। अभी तक ड्यूटी के समय हाथ में काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन हो रहा था। कर्मचारी नेता राजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार से जिला अस्पताल में सुबह आठ से 10 बजे तक और सीएचसी-पीएचसी में 10 से 12 बजे तक फार्मासिस्ट काम नहीं करेंगे। बुधवार को हुए प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी, संदीप कुमार, अमर प्रकाश गुप्त, पंकज, मायापति, सुनीता सचान, सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे। उधर, लालगंज के आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना स्थित एल-टू अस्पताल में भी विरोध प्रदर्शन हुआ। राजबहादुर सिंह, बृजेंद्र बहादुर सिंह, रामजीत मौर्य, राजेश कुमार इसमें शामिल हुए।

chat bot
आपका साथी