दो डॉक्टर, डीह बीडीओ समेत 41 कोरोना संक्रमित

एसबीआइ मुख्य शाखा का एक कर्मी भी पॉजिटिव बैंक सील

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 Aug 2020 11:43 PM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 07:26 AM (IST)
दो डॉक्टर, डीह बीडीओ समेत 41 कोरोना संक्रमित
दो डॉक्टर, डीह बीडीओ समेत 41 कोरोना संक्रमित

रायबरेली : जनपद में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सात सौ के करीब पहुंच गया है। मंगलवार को दो चिकित्सक, डीह के बीडीओ, तीन पुलिसकर्मी, एनटीपीसी के दो कर्मचारियों समेत 41 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी को एल-1 फैसिलिटी सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं लखनऊ में इलाज करा रहे इंदिरा नगर के शख्स की कोरोना से मौत हो गई।

डीह के बीडीओ सहित छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद ब्लॉक मुख्यालय डीह को सील कर दिया गया। रेवरी मजरे गड़वा, कौरापुर गौरा मजरे गड़वा, पूरे कल्लू मिश्र मजरे पोठई, टेकारी दांदू गांव को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। बीडीओ डीह को ब्लॉक मुख्यालय में ही इनके आवास पर होम आइसोलेट कर दिया गया है। सलोन कोतवाली के करहिया चौकी इंचार्ज और प्राथमिक स्वास्थ केंद्र की महिला चिकित्सक कोरोना संक्रमित मिली हैं। महिला चिकित्सक एक दिन पहले ही कानपुर से लौटीं थी। बीमारी के लक्षण मिलने पर उन्होंने जांच कराई थी। उधर, शहर के एक चिकित्सक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हालांकि वह सरकारी चिकित्सक हैं या फिर निजी प्रैक्टिस करते हैं, इसकी जानकारी देर शाम तक स्वास्थ्य विभाग नहीं जुटा सका। वहीं सुपर मार्केट में स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को सील कर दिया गया है। यहां पर कार्यरत एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।

मुंबई से लौटे दंपती बीमार

जगतपुर : मुंबई से दंपती एक अगस्त को विकासखंड जगतपुर के मनोहर गंज गांव में लौटकर आए। तीन अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर में संक्रमण की जांच कराई। जिसमें दोनों कोरोना संक्रमित मिले। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला ने दोनों मरीजों को एंबुलेंस से रेयान आइसोलेशन सेंटर भेजा गया।

डीएम का सीयूजी चपरासी ने उठाया : रविवार की रात पुलिस लाइंस के पास एक शख्स कोरोना पॉजिटिव मिला। हालत गंभीर होने पर उसे एल-1 से एल-2 अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेलकोच कारखाने में बने एल-2 हॉस्पिटल में स्टाफ ही नहीं था। नोडल अधिकारी डॉ. भावेश ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व होने के चलते स्टाफ छुट्टी पर चला गया था। उन्हें जानकारी ही नहीं दी गई। इस बाबत रविवार की रात ही जब सीएमओ को फोन लगाया गया तो उनका नंबर नॉट रिचेबल बताता रहा। वहीं डीएम का फोन चपरासी ने उठाया। उचित चिकित्सा सुविधाएं न होने के चलते रात में ही मरीज को वापस एल-1 हॉस्पिटल लाया गया।

यहां मिले मरीज : शहर में सिविल लाइंस, पुलिस लाइंस, रतापुर, इंदिरा नगर, ताड़तल्ला, अमर नगर, अहियारायपुर, जवाहर विहार कॉलोनी, अंबेडकर नगर, राजकीय कॉलोनी, अमावां रोड, किला बाजार, सत्य नगर और सीएचसी सलोन, खीरों, कठवारा, तमनपुर सेंहगो, गढवा डीह, पहरेमऊ अमावां, पहेरवा नूरगंज, रामपुर कला, मुंदीपुर मझिगवा, अंबेडकर नगर में कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।

chat bot
आपका साथी