बरातियों ने मैरिज हाल संचालक व घरातियों पर बोला हमला, लहराई पिस्टल

डीजे बंद कराने पर आग बबूला हुए नशे में धुत बरातियों ने मैरिज हाल संचालक सहित घरातियों पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा-पीटा। महिलाओं से बदसलूकी की। कुर्सी सहित अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में मैरिज हॉल संचालक सहित दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 11:10 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 11:10 PM (IST)
बरातियों ने मैरिज हाल संचालक व घरातियों पर बोला हमला, लहराई पिस्टल
बरातियों ने मैरिज हाल संचालक व घरातियों पर बोला हमला, लहराई पिस्टल

संसू, प्रतापगढ़ : डीजे बंद कराने पर आग बबूला हुए नशे में धुत बरातियों ने मैरिज हाल संचालक सहित घरातियों पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा-पीटा। महिलाओं से बदसलूकी की। कुर्सी सहित अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में मैरिज हॉल संचालक सहित दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के सगरा गांव में स्थित मैरिज हाल में रविवार की शाम वैवाहिक समारोह आयोजित था। मैरिज हाल के संचालक सुनील मौर्य के रिश्तेदार सत्य नारायण की बेटी की शादी थी। बराती डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। रात 10 बजने पर मैरिज हाल संचालक सुनील मौर्य ने डीजे बंद कर दिया। इस पर नशे में रहे कुछ बराती सुनील मौर्य से गाली-गलौज कहासुनी करने लगे।

बवाल की आशंका देख सुनील ने पुलिस को फोन कर दिया। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई तो देख लेने की धमकी देते हुए वे बवाली बराती चले गए। करीब 45 मिनट बाद कार व बाइक से दर्जन भर से अधिक बराती लाठी-डंडे, पिस्टल से लैस होकर पहुंचे और मैरिज हाल में घुसते ही घरातियों को लाठी डंडे से मारने लगे। महिलाओं से बदसलूकी की। इससे अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं कमरों में घुस गई।

इस दौरान हमलावरों ने सुनील व उनके रिश्तेदार ध्रुव पर लाठी से हमला कर दिया। फिर कुर्सी सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच फिर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भागने लगे। पुलिस ने दो हमलावरों को पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल सुनील व ध्रुव का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। पूरे घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इस मामले में मैरिज हाल संचालक सुनील ने दुर्गेश निवासी संग्रामपुर नगर कोतवाली सहित चार नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि नशे में धुत बरातियों ने मारपीट की थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कटरा रोड स्थित गायत्री नगर मोहल्ले में आई बरात के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर घरातियों व बरातियों में विवाद हुआ और फिर दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोमवार को दिन में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इस बारे में कोतवाल रवींद्रनाथ राय का कहना है कि बरात में मारपीट हुई थी, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी है।

---

chat bot
आपका साथी