पांच लाख के इनामी बदमाश सभापति के विद्यालय भवन को प्रशासन ने ढहाया

पट्टी आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बिनैका गांव में बने पांच लाख के इनामी बदमाश सपा नेता सभापति

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 09:59 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 09:59 PM (IST)
पांच लाख के इनामी बदमाश सभापति के विद्यालय भवन को प्रशासन ने ढहाया
पांच लाख के इनामी बदमाश सभापति के विद्यालय भवन को प्रशासन ने ढहाया

पट्टी : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बिनैका गांव में बने पांच लाख के इनामी बदमाश सपा नेता सभापति यादव के स्कूल के भवन को प्रशासन ने ढहा दिया। प्रशासन के अनुसार सरकारी जमीन पर कब्जा करके स्कूल बनवाया गया था, इस जमीन की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से सभापति यादव का परिवार सहम गया है।

बिनैका गांव निवासी सभापति यादव समाजवादी पार्टी का नेता है। उसकी पत्नी माधुरी यादव पूर्व ब्लाक प्रमुख है, जबकि भाई सुभाष यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य है। इस समय सुभाष की पत्नी अमरावती यादव जिला पंचायत सदस्य हैं। इसी क्रम में अगस्त 2021 के पहले हफ्ते में पट्टी पुलिस ने दावा किया था कि मुजाही के पास रोकने के दौरान सभापति यादव, उसके भाई सुभाष यादव सहित दो दर्जन लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया था। उस घटना के बाद से सभापति भाई सुभाष के साथ सवा साल से फरार चल रहा है। दोनों भाइयों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

सभापति ने बिनैका गांव में पट्टी-ढकवा मार्ग के किनारे स्कूल बनवाया था। यह स्कूल 12 विस्वा जमीन में बना था। चार कमरा व बरामदे का निर्माण कराते हुए इसमें रमापति यादव मेमोरियल स्कूल नाम से विद्यालय का संचालन कराया जा रहा था। सरकारी जमीन पर कब्जा करके स्कूल बनवाने की शिकायत कई बार प्रशासन से की गई थी। इसका बेदखली का मुकदमा एसडीएम के यहां दाखिल हुआ था। इस मुकदमे की सुनवाई करते हुए तहसीलदार पट्टी श्रद्धा पांडेय ने बेदखली का आदेश पारित किया था।

इस आदेश का अनुपालन कराने के लिए शुक्रवार को एसडीएम पट्टी डीपी सिंह, नायब तहसीलदार राजकपूर, आरआई मनोज कुमार, लेखपाल महेंद्र सिंह, राम प्रताप सिंह राजस्व कर्मियों की टीम और थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा नरेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फिर जेसीबी लगाकर स्कूल के पूरे भवन को जमींदोज करा दिया गया। इस दौरान तनाव को देखते हुए यहां काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इस संबंध में नायब तहसीलदार राजकपूर ने बताया कि सरकारी कीमती जमीन पर अवैध कब्जा करके निर्माण कराया गया था। इसकी कीमत लगभग 50 लाख से ज्यादा है। अवैध कब्जे को खाली करा दिया गया है।

---

ब्लाक प्रमुख चुनाव बवाल का आरोपित गिरफ्तार

संसू, पट्टी : ब्लाक प्रमुख देवसरा चुनाव के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने फर्जी मतदान का आरोप लगाकर हंगामा और पुलिस टीम पर पथराव किया था। जवाब में पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया था। इस बवाल में चार सौ से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस बीच इस बवाल के आरोपित महेंद्र पुत्र राम आसरे निवासी सदहा को चेकिग के दौरान कोतवाल पट्टी गणेश प्रसाद सिंह अमरगढ़ तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

chat bot
आपका साथी