वर्चस्व के लिए बवाल, फायरिग, तीन लोग हुए घायल

वर्चस्व को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थकों ने हथिगवां थाना क्षेत्र के गोपालगंज में धावा बोलकर मारपीट और हवाई फायरिग की। आधा दर्जन बाइक क्षतिग्रस्त कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 10:55 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 10:55 PM (IST)
वर्चस्व के लिए बवाल, फायरिग, तीन लोग हुए घायल
वर्चस्व के लिए बवाल, फायरिग, तीन लोग हुए घायल

कुंडा : वर्चस्व को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थकों ने हथिगवां थाना क्षेत्र के गोपालगंज में धावा बोलकर मारपीट और हवाई फायरिग की। आधा दर्जन बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण भारी तादाद में पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्ष से छह लोगों को हिरासत में लिया है।

हथिगवां थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रदीप सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह का गांव के कोटेदार प्यारेलाल पुत्र तेजई से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि कोटेदार की मदद मानिकपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष अबु जैद उर्फ गुड्डू कर रहे है। दोनों पक्ष के लोगों में शनिवार की शाम कहासुनी हुई थी।

इस बीच प्रदीप सिंह के पक्ष के प्रमोद सिंह अपने करीबियों के साथ रविवार को सुबह करीब 9:00 बजे गांव के बाहर गोपालगंज गांव में भैरव बाबा मंदिर के पास खड़े थे। प्रदीप का आरोप है कि तभी एक कार से नगर पंचायत अध्यक्ष गुड्डू के आधा दर्जन से अधिक करीबी लोग लाठी व असलहे लेकर पहुंचे और हवाई फायरिग करते हुए प्रमोद समेत अन्य लोगों पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। हमलावरों के समर्थन में झाड़ियों में छिपे लोग भी निकल आए और हमले में शामिल हो गए।

शोर सुनकर सबसे पहले प्रदीप पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें दौड़ा लिया। प्रदीप बाइक छोड़कर भागे तो हमलावरों ने उनकी समेत आधा दर्जन बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। फिर वहां से भाग निकले। हमले में प्रमोद सिंह (56), संतोष (20) पुत्र महेश मौर्या, रामकीरत सिंह (65) घायल हो गए।

मामला दो समुदायों का होने के कारण हथिगवां एसओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तनाव की जानकारी होने पर सीओ कुंडा राधेश्याम कोतवाल डीपी सिंह व पुलिस बल के साथ आ गए। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। एसओ उदय त्रिपाठी का कहना है कि दोनों पक्ष से तीन-तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। दोनों पक्ष की तहरीर मिल गई है।

नपं अध्यक्ष की गाड़ी पर किया पथराव

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद हथिगवां एसओ उदय त्रिपाठी ने नगर पंचायत अध्यक्ष अबु जैद उर्फ गुड्डू को गांव में बुलाया। अबु जैद का आरोप है कि वह गांव जा रहे थे तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है।

chat bot
आपका साथी