पुलिस ने शराब माफिया को लिया 24 घंटे की रिमांड पर

कुंडा इलाके में अवैध शराब के बारे में कुछ और राज खुल सकते हैं। हथिगवां थाना और क

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 10:00 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:00 PM (IST)
पुलिस ने शराब माफिया को लिया 24 घंटे की रिमांड पर
पुलिस ने शराब माफिया को लिया 24 घंटे की रिमांड पर

कुंडा : इलाके में अवैध शराब के बारे में कुछ और राज खुल सकते हैं। हथिगवां थाना और कुंडा कोतवाली क्षेत्र से करीब दो महीने पहले बरामद की गई करोड़ों रुपये की अवैध शराब के मुख्य आरोपित संजय सिंह गुड्डू को पुलिस ने 24 घंटे की रिमांड पर लिया है। हथिगवां थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर, झाझा का पुरवा (नौबस्ता), पुरनेमऊ, बलीपुर, बाबूगंज बाजार में अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में अवैध शराब, शराब बनाने का उपकरण पुलिस ने बरामद किया था। पुलिस ने नौबस्ता में गौशाला में चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ भी किया था। उस मामले में हथिगवां थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव निवासी संजय प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू को मुख्य आरोपित बनाते हुए पुलिस ने सुधाकर सिंह, अनूप सिंह, पंकज सिंह 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गुडडू सिंह पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस बीच पुलिस को चकमा देकर गुड्डू सिंह ने चार जून को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इससे पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। पुलिस की जांच में पता चला था कि हथिगवां थाने के मुंशी और पैरोकार ने एसओ को जानकारी दिए बिना गुड्डू सिंह की क्रिमिनल हिस्ट्री की रिपोर्ट कोर्ट में भेज दी थी। इस पर एसपी ने मुंशी व पैरोकार को निलंबित कर दिया था। इस बीच कोर्ट ने 24 घंटे तक गुड्डू को पुलिस को रिमांड पर दिया है। रविवार सुबह 10 बजे हथिगवां एसओ डीएन यादव ने जेल से गुड्डू को रिमांड पर लिया। सूत्रों की मानें तो प्रयागराज, कौशांबी व फतेहपुर के गंगा कछार के इलाकों में करोड़ों की शराब डंप पड़ी है। इसकी जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस यह शराब बरामद करने के लिए गुड्डू से पूछताछ करेगी। एसओ हथिगवां डीएन यादव का कहना है कि पूछताछ के लिए कोर्ट ने 24 घंटे के लिए गुड्डू सिंह को रिमांड पर दिया है। सोमवार को सुबह 10 बजे के पहले गुड्डू को जेल में दाखिल कर दिया जाएगा।। उधर, गुड्डू को रिमांड पर लिए जाने के बाद फरार चल रहे नामजद शराब माफियाओं में खलबली मची हुई है।

chat bot
आपका साथी