बारिश से धान की फसल बर्बाद, किसान परेशान

ढकवा बाजार मानिकपुर दीवानगंज जिले में कई स्थानों पर बारीश से खेतों में पानी लग गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:50 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:50 PM (IST)
बारिश से धान की फसल बर्बाद, किसान परेशान
बारिश से धान की फसल बर्बाद, किसान परेशान

ढकवा बाजार, मानिकपुर, दीवानगंज : जिले में कई स्थानों पर बारीश से खेतों में पानी लग गया है। सबसे ज्यादा धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों की मेहनत बेकार होती दिख रही है। अगर मौसम का रुख इसी तरह रहा तो किसानों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। आसपुर देवसरा क्षेत्र में कादीपुर ,नरवारी, हरीकापुरा भैरोपुर गांव में आई तेज आंधी से क्षेत्र के 50 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। बारिश के बीच तेज हवा ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के किसान बहुत अरमान से धान की खेती करते हैं। इस वर्ष पर्याप्त बारिश से धान की फसल बहुत अच्छी हुई है, लेकिन हवाओं के साथ बारिश से धान की फसलें गिर गईं। इस तरह से किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। किसान कमला प्रसाद तिवारी, वृजलाल, हंसराज, नन्दलाल, मखालू, राम देव, राम दवड़ व मुन्नी लाल का कहना है कि तेज हवा एवं आंधी से धान की फसल खेतों में बिछ गई हैं। मानिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार खराब मौसम के कारण क्षेत्र में हुई बारिश से धान की फसलें पूरी तरह नष्ट होती नजर आ रही है। कहीं पर धान की कटाई हो चुकी है तो कहीं पर लहलहाती बालियां तेज हवाओं के कारण जमीन से चिपक गई है। इतना ही नहीं आने वाली आलू की फसल को भी लेकर किसानों के माथे पर चिता की लकीरें खिचने लगी है। तराई क्षेत्रों में तो अभी बारिश का पानी सूखा भी नहीं था कि दोबारा हुई बारिश ने दूसरी समस्या खड़ी कर दी। मानिकपुर नगर के सब्जी व्यापारी सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण सब्जियों की फसलें भी काफी नष्ट हो चुकी हैं। इसके कारण इनके भाव भी आसमान छूते नजर आ रहे हैं। वहीं क्षेत्र के राकेश यादव ने बताया कि हम सब दूसरों के खेतों को लेकर खेती का काम करते हैं। ज्यादातर धान की फसल कट चुकी है और जो बची भी है,उनकी स्थिति भी गड़बड़ नजर आ रही है। दीवानगंज प्रतिनिधि के मुताबिक पट्टी तहसील क्षेत्र में लगातार तीन दिन से बारिश हो रही है। मौसम परिवर्तन से जहां किसानों के धान की पकी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं सरसों, मटर, चना तथा आलू की फसल भी बर्बाद हो रही है। क्षेत्र के काशी प्रसाद तिवारी, अवधेश तिवारी, अजय कुमार पांडेय, राजाराम ओझा, विनोद मिश्रा, संतोष सरोज सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस मौसम में अचानक हुई बरसात से धान,आलू, सरसों सहित अन्य फसलों का भारी नुक़सान हुआ है।

chat bot
आपका साथी