ऐ मेरे वतन के लोगों जरा याद करो कुर्बानी..

प्रतापगढ़ कारगिल के युद्ध में प्रतापगढ़ का लहू भी शामिल था। जांबाज देशभक्त लांस नायक विजय शु

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 10:38 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:38 PM (IST)
ऐ मेरे वतन के लोगों जरा याद करो कुर्बानी..
ऐ मेरे वतन के लोगों जरा याद करो कुर्बानी..

प्रतापगढ़ : कारगिल के युद्ध में प्रतापगढ़ का लहू भी शामिल था। जांबाज देशभक्त लांस नायक विजय शुक्ल ने अपने को बलिदान कर दिया था। सेना का यह बहादुर कुंडा के पीथीपुर गांव का था। उनके बलिदान पर लोगों को गर्व है, पर भी कि सरकार, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन ने उनकी यादों को नहीं संजोया।

जब कारगिल का युद्ध छिड़ा था तो बेल्हा का यह लाल दुश्मनों को ललकार रहा था बड़ी बहादुरी से लड़ते हुए विजय 26 जुलाई 1999 को मातृ भूमि की गोद में सिर रखकर सदा-सर्वदा के लिए सो गए। तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन को हजारों लोग गए थे। अफसर, नेता सब जमे थे। वादों के फूल बरसे थे, जो अब मुरझा चुके हैं। इस परिवार को केंद्र सरकार की ओर से एक पेट्रोल पंप मिला। शकरदहा पुलिस चौकी का नामकरण विजय के नाम पर होने के सिवा कुछ न मिला। जबकि सैनिक के परिवार में देश प्रेम की वही लहर अब भी है। विजय का बेटा शिवशंकर युवाओं को सेना में जाने का प्रशिक्षण देता है। इसके लिए वह पूर्व सैनिकों से टिप्स लेता है।

- गांव-घर के लोगों ने लगवाई मूर्ति

शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा। यह पंक्ति पीथीपुर में अब तक सार्थक न हो सकी। मेला तो दूर जिम्मेदार लोग दो फूल भी चढ़ाने को नहीं आते। अब तक शहीद का स्मारक तक न बन सका। बलिदानी का स्मारक सरकार के न बनवाने पर घर व गांव के लोग आगे आए। अपने लाल की मूर्ति बनवाकर छोटा सा स्मारक बनवाकर उसकी स्थापना की। जिला मुख्यालय के अधिवक्ता जय प्रकाश मिश्र ने साथियों के साथ मिलकर कटरा रोड पर आइटीआइ परिसर में विजय पार्क बनवाया। विजय के पिता केदार नाथ शुक्ल, पत्नी गुड़िया देवी, बेटे शिव शंकर, बेटी दीपा शिखा, दिव्या व सौम्या को प्रशासन की यह बेरुखी अखरती है। वह कहते हैं कि सैनिक के रूप में विजय का जो कर्तव्य था, उन्होंने निभाया। देश पर खुद को मिटा दिया। उसके बाद सरकार को उनकी यादों को जीवंत रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

- सड़क ऐसी, पहुंचा दे अस्पताल संसू, बाघराय : कारगिल शहीद विजय के घर तक 22 साल बाद भी सही-सलामत सड़क नहीं है। कई अफसरों ने शहीद स्थल को दुरुस्त कराने, नाला निर्माण, इंटरलाकिग सड़क बनवाने, गांव में अस्पताल खुलवाने का आश्वासन दिया था। यह कोरा रह गया। जो सड़क है उस पर चलना जोखिम भरा है। कोई गिरे तो अस्पताल पहुंच जाए। शहीदों के नाम पर सरकार की तमाम योजनाएं चलती हैं, पर वास्तव में वह किस हाल में हैं, इसे पीथीपुर में देखा जा सकता है। लांस नायक के परिवार के श्याम लाल, संजय, संदीप, कप्तान शुक्ला व चंद्रदेव आदि स्वजनो की आंखें इस दिवस के पहले से ही नम हो जाती हैं। यह आंसू केवल सैनिक की यादों के ही नहीं होते, बल्कि उनके परिवार के साथ हो रही उपेक्षा पर भी बहते हैं।

- आज करेंगे याद

गांव व परिवार के लोग 26 जुलाई को शहीद विजय को कारगिल विजय दिवस पर याद करेंगे। उनके स्वनिर्मित स्मारक पर जाकर फूल चढ़ाएंगे। उनकी बहादुरी को नमन करेंगे। उनको याद करने के साथ-साथ शासन-प्रशासन की उपेक्षा का घाव एक बार फिर हरा हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी