चुनावी रंजिश में पूरे कुनबे को पीटा

चुनावी रंजिश में घर जा रहे युवक को प्रधान के पति और उसके पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से जमकर पीटा। यही नहीं बीच बचाव करने दौड़ी घायल युवक की पत्नी चचेरी बहन सहित चार लोगों को भी मारा-पीटा। थाने जाने पर पुलिस ने पीड़ित युवक को ही लॉकअप में डाल दिया। कंधई थाना क्षेत्र के सराय भवानी गांव निवासी संजय कुमार पुत्र मेवालाल ने इस बार प्रधान पद पर चुनाव लड़ा था।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 11:19 PM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 11:19 PM (IST)
चुनावी रंजिश में पूरे कुनबे को पीटा
चुनावी रंजिश में पूरे कुनबे को पीटा

संवाद सूत्र, दीवानगंज : चुनावी रंजिश में घर जा रहे युवक को प्रधान के पति और उसके पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से जमकर पीटा। यही नहीं बीच बचाव करने दौड़ी घायल युवक की पत्नी, चचेरी बहन सहित चार लोगों को भी मारा-पीटा। थाने जाने पर पुलिस ने पीड़ित युवक को ही लॉकअप में डाल दिया। कंधई थाना क्षेत्र के सराय भवानी गांव निवासी संजय कुमार पुत्र मेवालाल ने इस बार प्रधान पद पर चुनाव लड़ा था। संजय का आरोप है कि निर्वाचित प्रधान के पति ने उन्हें चुनाव ना लड़ने के लिए कहा था, पर वे चुनाव लड़े थे और हार गए थे। इसी रंजिश को लेकर आए दिन प्रधान पक्ष के लोग गाली गलौज और कहासुनी करते आ रहे हैं।

संजय के अनुसार रविवार को सुबह लगभग सात बजे वह शौच करके साइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते प्रधान के पति और उनके पक्ष के लोगों ने रोककर उसे जमकर मारा-पीटा। उसकी साइकिल तोड़कर उठा ले गए। शोर सुनकर बीच बचाव करने दौड़ी संजय की पत्नी सावित्री को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। इसका हाल ही में पेट का ऑपरेशन हुआ था।इसके अलावा संजय के चचेरी बहन सेजल पुत्री सुरेंद्र कुमार, चंद्रिका प्रसाद, कंचन देवी पत्नी चंद्रिका प्रसाद को भी मारा-पीटा। संजय की पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरे पक्ष से गोमती देवी पत्नी हरिश्चंद्र, सरिता पुत्री हरिश्चंद्र को हल्की चोटें आई। आरोप है कि संजय और उसके पीड़ित स्वजन जब तहरीर लेकर थाने गए तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया और संजय को ही लॉकअप में डाल दिया। मुकदमा भी दर्ज नहीं किया। वहीं प्रधान पक्ष का मुकदमा दर्ज करके चोटिल को मेडिकल कराने के लिए सीएचसी भेज दिया। दीवानगंज चौकी इंचार्ज सूर्य प्रताप सिंह का कहना है कि दो पक्ष में मारपीट हुई है। घटना की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी