प्रयागराज से प्रतापगढ़ पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, किया चुनावी शंखनाद

प्रतापगढ़ प्रयागराज से चलकर बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का कांग्रे

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 10:33 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 10:33 PM (IST)
प्रयागराज से प्रतापगढ़ पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, किया चुनावी शंखनाद
प्रयागराज से प्रतापगढ़ पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, किया चुनावी शंखनाद

प्रतापगढ़ : प्रयागराज से चलकर बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े से स्वागत किया। वहीं चौक में यात्रा का लोगों ने स्वागत किया। यहीं पर घंटाघर में एक सभा के दौरान कांग्रेस ने कई संकल्पों को गिनाते हुए चुनावी शंखनाद किया। वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि प्रियंका आज सड़क पर उतर कर वंचितों की आवाज बनी हैं। विपक्ष के सभी नेता घर में बैठे हैं। योगी सरकार ने उन्हें जेल भेजा। वहां वह उपवास पर रहीं। आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा और उन्हें पीड़ितों से मिलने जाने दिया।

कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा लेकर निकले नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि देश एवं प्रदेश की जनता महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रही है। कोई सुनने वाला नहीं है। इस सरकार ने आम आदमी को परेशान कर रखा है। पूर्व सांसद वाराणसी राजेश मिश्र ने कहा कि विधान सभा चुनाव में 40 फीसद महिलाओं की हिस्सेदारी, छात्राओं को स्मार्ट फोन व स्कूटी, किसानों का पूरा कर्जा माफ, बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बकाया साफ तथा 20 लाख को सरकारी रोजगार देने का काम सरकार आने पर कांग्रेस करेगी। जनसभा को पूर्व मंत्री अजय राय, पूर्व विधायक नदीम जावेद, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधायक भगौती चौधरी, राष्ट्रीय सचिव बाजीराव खाड़े, देवव्रत मिश्र आदि ने भी संबोधित किया। संचालन इरफान अली ने किया। जिलाध्यक्ष डॉ. लाल जी त्रिपाठी ने सभी का स्वागत किया।

विश्वनाथगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्रतिज्ञा यात्रा का देल्हूपुर में पूर्व अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र व विश्वनाथगंज में जिलाध्यक्ष डॉ. लाल जी त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। भुपियामऊ में डॉ. नीरज त्रिपाठी ने अपने साथियों के साथ स्वागत किया। प्रतिज्ञा यात्रा में पूर्वी जोन प्रभारी प्रमोद तिवारी साथ में चल रहे एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री अजय राय, राजेश मिश्रा व प्रभारी मुकुंद तिवारी आदि का बैंड बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में माला पहनाने के लिए होड़ लगी रही। पांच मिनट विश्वनाथ गंज बाजार में यात्रा रुकने के बाद प्रतापगढ़ की ओर रवाना हो गई है। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ. लाल जी त्रिपाठी, श्याम किशोर शुक्ला, प्रशांत शुक्ला, धर्मेंद्र तिवारी,पूर्व अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र, वेदांत तिवारी,महेंद्र शुक्ला, कपिल द्विवेदी व नरसिंह मिश्रा आदि रहे।

-----

भाजपा सरकार ने आम आदमी का संवैधानिक अधिकार भी छीना : प्रमोद तिवारी प्रतापगढ़ : कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा के पूर्वी जोन प्रभारी प्रमोद तिवारी ने मीडिया से यात्रा का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने आम लोगों का संवैधानिक अधिकार तक छीन लिया है। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में बताया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के टिकटों में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की रहेगी। कई और उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी