दूसरे दिन भी आसमान पर उमड़ते रहे बादल

शनिवार के बाद रविवार को भी आसमान में बादल छाए होने से अन्नदाता परेशान दिखे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Oct 2019 05:35 PM (IST) Updated:Mon, 21 Oct 2019 06:11 AM (IST)
दूसरे दिन भी आसमान पर उमड़ते रहे बादल
दूसरे दिन भी आसमान पर उमड़ते रहे बादल

जागरण संवाददाता, पीलीभीत : लगातार दूसरे दिन भी आसमान पर बादल उमड़ते रहे। गनीमत रही कि बारिश नहीं हुई। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है। दूसरे दिन भी खुलकर धूप नहीं निकलने के कारण सुबह और रात के समय लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास हुआ।

इन दिनों पूरे जिले में खेतों पर धान की कटाई का कार्य तेजी से हो रहा है। इसी बीच शनिवार को अचानक आसमान पर बादल उमड़ आए थे। यह देख किसानों के दिलों की धड़कने बढ़ गईं। रविवार को भी सुबह कुछ देर लिए धूप खिली लेकिन फिर बादल उमड़ने लगी। ऐसे में किसानों को बारिश की आशंका सताने लगी। गनीमत रही कि बारिश नहीं हुई। वरना धान की कटाई प्रभावित हो सकती थी। वैसे भी त्योहारों के कारण किसान अपनी फसल काटकर जल्द से जल्द बेचना चाहते हैं। जिससे त्योहारों पर खर्च करने के लिए पैसे का इंतजाम हो सके। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका का कहना है कि मौसम विभाग की ओर से लगातार दो दिन तक आसमान पर बादल उमड़ने का पूर्वानुमान दिया गया था। ऐसे में सोमवार को आसमान पूरी तरह साफ हो जाने की संभावना है। वैसे भी अब मौसम में बदलाव हो रहा है। गर्मी की सीजन विदा ले रहा है और सर्दी का मौसम दस्तक देने लगा है। इसीलिए सुबह और रात के समय लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।

chat bot
आपका साथी