भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री की कार पर हमला, शीशे तोड़े

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री तथा जिला सहकारी विकास संघ के चेयरमैन की कार पर चुनावी रंजिश के चलते दबंगों ने लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। कार में सवार चेयरमैन बाल-बाल बच गए। वहीं हमलावरों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Jul 2021 11:31 PM (IST) Updated:Sat, 03 Jul 2021 11:31 PM (IST)
भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री की कार पर हमला, शीशे तोड़े
भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री की कार पर हमला, शीशे तोड़े

पीलीभीत,जेएनएन : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री तथा जिला सहकारी विकास संघ के चेयरमैन की कार पर चुनावी रंजिश के चलते दबंगों ने लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। कार में सवार चेयरमैन बाल-बाल बच गए। वहीं हमलावरों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की बाबत दंपती तथा उसके दो पुत्रों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि कोई हमलावर गिरफ्तार नहीं किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र कश्यप शुक्रवार को पैतृक गांव भिखारीपुर से कार से कार्यालय जा रहे थे। इस दौरान गांव भिखारीपुर निवासी पोला सिंह उर्फ विरसा सिंह, उनकी पत्नी मुन्नी देवी तथा दोनों पुत्र संदीप एवं मनदीप ने चुनावी रंजिश के चलते चेयरमैन की कार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार पर लाठी-डंडे बरसाए , लेकिन कार में सवार राजेंद्र कश्यप बाल-बाल बच गए। इस बीच मौके पर भीड़ जुटती देख आरोपित वहां से फरार हो गए। राजेंद्र कश्यप के मुताबिक आरोपित ने भाजपा के विरुद्ध जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। वहीं पार्टी का कार्यकर्ता होने के कारण राजेंद्र कश्यप ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को चुनाव लड़ाया था, जिसके चलते पोला सिंह उर्फ विरसा सिंह चुनावी रंजिश रखता है, जिस कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है।

भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र कश्यप ने घटना की बाबत सुनगढ़ी थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सुनगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

पहले भी सुर्खियों में रहे हैं राजेंद्र कश्यप

भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र कश्यप पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। भाजपा संगठनात्मक चुनाव के सिलसिले में साल भर पहले वह शाहजहांपुर के पुवायां जा रहे थे, तभी पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर पुल पर ट्रैफिक जाम लगने के दौरान कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया था। उस वक्त राजेंद्र कश्यप ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर तान दिया था, लेकिन युवकों ने उनसे रिवाल्वर ही छीन कर मारपीट कर दी थी। हालांकि बाद में रिवाल्वर बरामद कर लिया गया था।

chat bot
आपका साथी