चंद्रदेव को अ‌र्घ्य देकर किया व्रत का पारायण

- सुहागिनों ने पूरे दिन निर्जल उपवास रखकर सायं को किया पूजन - पति की दीर्घायु एवं परिवार में सुख-शांति के लिए की प्रार्थना - अशोक कॉलोनी में महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंदिर में किया करवाचौथ पूजन फोटो-17पीआइएलपी-20 से 25 व 39

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 07:48 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 06:21 AM (IST)
चंद्रदेव को अ‌र्घ्य देकर किया व्रत का पारायण
चंद्रदेव को अ‌र्घ्य देकर किया व्रत का पारायण

जागरण संवाददाता, पीलीभीत : करवाचौथ का पर्व शहर समेत पूरे जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने पूरे दिन निर्जल उपवास रखा। सायं को विधि-विधान से पूजन किया। इसके उपरांत चंद्रदेव को अ‌र्घ्य देकर अपने व्रत का पारायण किया। इस दौरान सुहागिनों ने पति की दीर्घायु एवं परिवार में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। इस पर्व पर घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा।

गुरुवार को अशोक कॉलोनी की दर्जनों महिलाएं मंदिर में एकत्र हुईं और करवाचौथ का सामूहिक पूजन किया। इस कॉलोनी की महिलाएं हर साल करवाचौथ पर कॉलोनी के मंदिर में ही पूजन करती हैं। इनके अलावा तमाम महिलाओं ने अपने घरों में पूजन किया। सुबह से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। व्रत रखने वाली महिलाओं ने पर्व पर विभिन्न तरह के पकवान तैयार किए। निर्जल व्रत के बावजूद तमाम महिलाएं पूरे दिन तैयारियों में व्यस्त रहीं। सायं को पूर्ण श्रृंगार किया और फिर पूजन की तैयारी शुरू कर दी। सुहागिनों ने परंपरागत ढंग से पूजन किया। पूजन के बाद सभी की निगाहें आसमान की ओर लगी रहीं। क्योंकि तब तक चंद्रदेव नहीं दिख रहे थे। देर सायं आसमान पर चंद्रदेव के उदय होते ही महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। महिलाओं ने चंद्र दर्शन के साथ ही अ‌र्घ्य देकर अपने व्रत का पारायण किया। इसके उपरांत परिवार के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। पूरनपुर, बीसलपुर, अमरिया, मझोला, कलीनगर, माधोटांडा, बरखेड़ा, जहानाबाद आदि क्षेत्रों में भी करवाचौथ का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया।

chat bot
आपका साथी