तराई में झमाझम बारिश, कई जगह जलभराव
जिसका अंदेशा था वही हो गया। नाला सफाई के नाम पर पालिका की रस्म अदायगी शहरवासियों के लिए मुश्किलों का सबब बन गई। शनिवार को लगभग एक घंटे की तेज बारिश से शहर पानी पानी हो गया। प्रमुख मार्गों से लेकर मुहल्लों व कालोनियों की गलियों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। बारिश का पानी कई घंटे तक सड़कों गलियों में भरा रहा। लोगों को आवागमन की दिक्कतें हुईं।
पीलीभीत,जेएनएन : जिसका अंदेशा था, वही हो गया। नाला सफाई के नाम पर पालिका की रस्म अदायगी शहरवासियों के लिए मुश्किलों का सबब बन गई। शनिवार को लगभग एक घंटे की तेज बारिश से शहर पानी पानी हो गया। प्रमुख मार्गों से लेकर मुहल्लों व कालोनियों की गलियों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। बारिश का पानी कई घंटे तक सड़कों, गलियों में भरा रहा। लोगों को आवागमन की दिक्कतें हुईं।
सुबह करीब आठ बजे आसमान पर काले बादल उमड़ आए। इसके साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक काफी तेज बारिश हुई। इसके बाद गति कुछ कम हुई,लेकिन लगातार दोपहर तक बारिश होती रही। इस दौरान स्टेशन रोड पर मधुवन कालोनी के सामने, लक्ष्मी टाकीज के आसपास, ड्रमंडगंज चौराहा, पुरानी गल्ला मंडी, सब्जी मंडी, किराना मंडी, शाहजी मियां की दरगाह जाने वाले मार्ग, मुहल्ला शेर मोहम्मद, कमल्ले चौराहा, नगर पालिका कार्यालय के सामने, टनकपुर रोड पर छतरी चौराहा, अशोक कालोनी, एकता नगर, सुनगढ़ी की गलियों में जलभराव हो गया। गांधी स्टेडियम का मैदान तालाब बन गया। दैनिक जागरण ने इस समस्या के प्रति पहले ही चेताया है। शनिवार के अंक में ..तो फिर डूबेगा शहर, नाला सफाई में अभी रस्म अदायगी शीर्षक से खबर प्रकाशित की। दोपहर बाद बारिश थमने और बादल छंटने के बाद नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मियों को लगाकर बड़े नालों में जमा कूड़ा निकालने का काम शुरू हुआ। मुहल्ला नखासा में पूर्व विधायक शन्नू लाल के आवास के निकट स्थित बड़े नाले से कर्मियों ने कई टन कूड़ा बाहर निकाला। तब पानी का बहाव कुछ तेज हो सका।
तापमान में गिरावट आई
अच्छी बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आने पर लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिली है। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 34.1 तथा न्यूनतम 25.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.8 तथा न्यूनतम 25.2 रहा था। इससे पहले गुरुवार अधिकतम तापमान 40.1 व न्यूनतम 29 डिग्री रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.6 तथा न्यूनतम 28.4 डिग्री दर्ज किया गया था। डा. ढाका के मुताबिक गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर कुल 14 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई है। अब 18 व 19 जून को प्री मानसून बारिश होने की संभावना है। तराई के जिले में 23 व 24 जून तक मानसून आने के आसार हैं।