भाजपा फिर जीतेगी जिले की चारों विस सीटें

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने सोमवार को दैनिक जागरण से साक्षात्कार में दावा किया है कि 2017 की भांति 2022 में भी जिले की चारों विधान सभा सीटों पर पार्टी जीतेगी। सदर और बीसलपुर विधानसभा सीटों पर तो विपक्ष की कोई चुनौती ही नहीं है। अलबत्ता बरखेड़ा व पूरनपुर (सुरक्षित) सीटों के लिए कुछ समस्या रही हैं जिन्हें समय रहते दुरुस्त कर लिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Aug 2021 12:50 AM (IST) Updated:Tue, 17 Aug 2021 12:50 AM (IST)
भाजपा फिर जीतेगी जिले की चारों विस सीटें
भाजपा फिर जीतेगी जिले की चारों विस सीटें

पीलीभीत,जेएएन : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने सोमवार को दैनिक जागरण से साक्षात्कार में दावा किया है कि 2017 की भांति 2022 में भी जिले की चारों विधान सभा सीटों पर पार्टी जीतेगी। सदर और बीसलपुर विधानसभा सीटों पर तो विपक्ष की कोई चुनौती ही नहीं है। अलबत्ता बरखेड़ा व पूरनपुर (सुरक्षित) सीटों के लिए कुछ समस्या रही हैं, जिन्हें समय रहते दुरुस्त कर लिया गया है। बोले- नए कृषि कानूनों को लेकर चले आंदोलन के कारण सिख मतदाताओं में कुछ नाराजगी रही है लेकिन डा. दलजीत कौर को जिला पंचायत अध्यक्ष और हरि सिंह ढिल्लो को विधान परिषद सदस्य निर्वाचित कराकर सिख समाज को पार्टी ने सम्मान दिया है। राजकीय मेडिकल कालेज, दिल्ली, लखनऊ के लिए ब्राडगेज ट्रेनों का संचालन और भरा पचपेड़ा में एक हजार करोड़ के निवेश से बन रहा खमीर कारखाना को साढ़े चार साल की बड़ी उपलब्धियां बताते हुए जिलाध्यक्ष का कहना है कि महंगाई वास्तव में एक समस्या रही है, जिसे सरकार दिसंबर, जनवरी तक नियंत्रित कर लेगी।

सवाल- जिले में पिछला प्रदर्शन कैसे दोहराएंगे। महंगाई जैसे कई मुद्दों को लेकर विपक्ष मुखर है।

जवाब- 2017 की भांति ही भाजपा 2022 में भी जिले की चारों सीटें जीतेगी। पार्टी सौ फीसद पिछला प्रदर्शन दोहराएगी। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। अलबत्ता महंगाई एक समस्या जरूर है, जिसका हल हमारी सरकार दिसंबर-जनवरी निकाल लेगी। सवाल- किन सीटों पर चुनौती मानते हैं।

जवाब- जिले की पूरनपुर व बरखेड़ा सीटें चुनौतीपूर्ण हैं लेकिन उससे निपटने के उपाय भी कर लिए गए हैं। नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन के कारण सिख मतदाताओं में कुछ नाराजगी रही है, जिसे सिख महिला डा. दलजीत कौर को जिला पंचायत अध्यक्ष व हरि सिंह ढिल्लो को एमएलसी निर्वाचित कराकर दूर किया गया है। सवाल- जिन सीटों को मजबूत मान रहे हैं, उसका आधार क्या है।

जवाब : पीलीभीत सदर और बीसलपुर में हमारी स्थिति सबसे मजबूत है। विपक्ष की ओर से इन सीटों पर कई कई दावेदार है। एक को टिकट मिलेगा, बाकी उसे हरवाने में जुटेंगे। विशेष बात यह है कि अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं का भी भाजपा को समर्थन मिल रहा है। फरहा नाज को पार्टी में प्रदेश मंत्री का पद दिया गया। तीन तलाक के मामले में ज्यादातर मुस्लिम महिलाएं भाजपा का समर्थन करेंगी। उन्हें यह भी पता है कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों ने उन्हें आवास, शौचालय, कोरोनाकाल में निश्शुल्क अनाज देने में कोई भेदभाव नहीं किया।

सवाल-क्या मौजूदा विधायक खुद को सुरक्षित मानें। यदि नहीं तो इसका क्या मतलब मानें। क्या वे जनता की उम्मीद पर खरे नहीं उतरे।

जवाब : हमारे चारों विधायक पूरी तरह से सुरक्षित हैं। वे लगातार जनता के बीच रहे हैं। उन पर पार्टी को पूरा विश्वास है। सवाल- जिले में ऐसी तीन उपलब्धि बता दें जिनके आधार पर जनता से कह सकें कि साढे़ चार साल में बड़ा परिवर्तन कर दिया है। जवाब- देखिए, ब्राडगेज की ट्रेनों का संचालन, राजकीय मेडिकल कालेज और खमीर बनाने का कारखाना जिले की बड़ी उपलब्धियां हैं। ये परिवर्तन सबको दिखाई दे रहा है।

chat bot
आपका साथी