पीलीभीत में तिकुनिया की घटना से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने लगाया जाम

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई घटना के विरोध में क्षेत्र से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने घुंघचाई चौराहे पर पहुंचकर वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 01:32 AM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 01:32 AM (IST)
पीलीभीत में तिकुनिया की घटना से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने लगाया जाम
पीलीभीत में तिकुनिया की घटना से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने लगाया जाम

पूरनपुर (पीलीभीत), जेएनएन: लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई घटना के विरोध में क्षेत्र से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने घुंघचाई चौराहे पर पहुंचकर वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

रविवार को तिकुनिया में घटना की जानकारी तेजी से फैली। शाम तक प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में पूरनपुर- पीलीभीत नेशनल हाईवे के घुंघचाई चौराहे पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अपने वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। जानकारी लगने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र विक्रम, उप जिलाधिकारी रामस्वरूप भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन, बात नहीं बन सकी। उधर जाम लग जाने से चौराहे के चारों तरफ बड़े बड़े वाहनों की लाइन लग गई। देर रात तक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी चौराहे पर जाम लगाकर बैठे रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अन्य कई थानों की पुलिस को बुलाया है। सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने कढ़ेरचौरा पर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। उनके साथ सपा नेता सुधीर तिवारी, नरेंद्र मिश्रा, नीरज गंगवार, संजय खान, शरद जायसवाल, अमनदीप संधू, पवन यादव आदि मौजूद रहे। ---------------------- आंदोलनकारियों ने बिलसंडा- बंडा मार्ग भी कर दिया जाम

पीलीभीत, जेएनएन : लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद यहां जिले में किसान संगठनों का आंदोलन तूल पकड़ गया है। पूरनपुर में तो पहले से ही हाईवे जाम करके कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं, रात में बिलसंडा-बंडा रोड को भी जांम कर दिया गया। इस मार्ग पर खन्नौत नदी पुल पर जाम लगा दिया गया है। उधर, प्रशासन ने बरेली की ओर से आकर लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट करके बरखेड़ा बीसलपुर, निगोही के रास्ते निकलवाने की व्यवस्था कराई है।

रविवार को सायं उत्तराखंड की सीमा से सटे कस्बा मझोला में किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कैंडिल मार्च निकाला। साथ ही यह तय किया कि सोमवार को सुबह मझोला में सभी कार्यकर्ता एकत्र होंगे और फिर पीलीभीत जिला मुख्यालय पर कूच करेंगे। जिला मुख्यालय पर उनके आंदोलन करने की संभावना है। उधर, बिलसंडा-बंडा रोड पर स्थित खन्नौत नदी पुल पर भी किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। मझोला में कैंडिल माच्र् के दौरान कुछ देर के लिए पीलीभीत-टनकपुर रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा लेकिन बाद में सामान्य हो गया। पिछले तीन घंटे से एसपी दिनेश कुमार पी सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने पूरनपुर में डेरा डाल रखा है। किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम खुलवाने के प्रयास कई बार किए गए लेकिन कार्यकर्ता नहीं मानें। देर रात तक पूरनपुर में हाईवे जाम है। वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

chat bot
आपका साथी