फसलों पर बरसा अमृत, पौधों को भी मिली संजीवनी

पीलीभीत सोमवार की रात करीब दस बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 01:33 AM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 06:04 AM (IST)
फसलों पर बरसा अमृत, पौधों को भी मिली संजीवनी
फसलों पर बरसा अमृत, पौधों को भी मिली संजीवनी

पीलीभीत : सोमवार की रात करीब दस बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए। साथ ही तेज हवा चलने लगी। इसके बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को शाम तक रुक-रुक कर जारी रहा। इससे तापमान में गिरावट आई तो मौसम सुहाना हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। फसलों पर तो जैसे अमृत की वर्षा हो गई। वन महोत्सव के तहत लगाए गए पौधों को भी इस बारिश ने संजीवनी दे दी है। हालांकि नगरीय क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव हो जाने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार रात से लेकर अपराह्न चार बजे तक जिले में कुल 25 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश लगातार हो रही है, ऐसे में रात तक यह 40 मिलीमीटर तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 29.2 तथा न्यूनतम 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

डॉ. ढाका के मुताबिक बुधवार को भी आसमान पर बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश भी होगी लेकिन, गुरुवार को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक का कहना है कि यह बारिश गन्ना और धान जैसी फसलों के लिए अमृत के समान है। पेड़-पौधों को भी इससे काफी फायदा मिला है। जिले में करीब 70 फीसद किसान अपने खेतों में धान की रोपाई कर चुके हैं। उनके खेतों में बारिश से मुफ्त सिचाई हो गई है। उधर, लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। साथ ही बाजारों में भी रौनक गायब रही है। स्टेशन रोड पर लक्ष्मी टाकीज के सामने, आर्य समाज वाली गली, जय टकीज के निकट, रंगीलाल चौराहा से अग्रवाल सभा भवन जाने वाले मार्ग, टनकपुर हाईवे पर अशोक कॉलोनी के सामने, गांधी स्टेडियम, पुलिस लाइन परिसर, आवास विकास कॉलोनी आदि में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ा। शहर में नाला सफाई का कार्य एक तो देर से शुरू हुआ और दूसरे सफाई तलीझाड़ न होने से ही जलभराव की समस्या आई है।

chat bot
आपका साथी