यमुना एक्सप्रेस वे की सभी लेन होंगी फास्टैग

जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेस वे पर सभी लेन फास्टैग होंगी। दिसंबर अंत तक जेव

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 06:58 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 06:58 PM (IST)
यमुना एक्सप्रेस वे की सभी लेन होंगी फास्टैग
यमुना एक्सप्रेस वे की सभी लेन होंगी फास्टैग

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर सभी लेन फास्टैग होंगी। दिसंबर अंत तक जेवर, मथुरा व आगरा टोल प्लाजा पर यह सुविधाएं लागू हो जाएंगी। प्राधिकरण ने इस संबंध में मंगलवार को बैठक बुलाई है। इसमें जेपी इंफ्राटेक के अलावा आइडीबीआइ बैंक के अधिकारी शामिल होंगे। एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा पर बढ़ते जाम की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने यह फैसला लिया है।

यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इससे एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर आए दिन जाम की स्थिति रहती है। सप्ताहांत में हालात गंभीर हो जाते हैं। प्राधिकरण ने इस समस्या को हल करने के लिए एक्सप्रेस वे की दोनों ओर की दो-दो लेन को फास्टैग कराया था। इसके बावजूद हालात में अधिक सुधार नहीं हुआ है। फास्टैग लेन पर वाहनों की लंबी कतार लगती है। टोल बूथ पार करने में चालकों को आधा घंटा तक लग जाता है।

फास्टैग से टोल भुगतान करने वालों की अधिक संख्या को देखते हुए एक्सप्रेस वे की सभी लेन को फास्टैग करने का फैसला किया गया है। यमुना एक्सप्रेस वे का संचालन कर रही जेपी इंफ्राटेक के दिवालिया घोषित होने की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी का निदेशक मंडल भंग होने के कारण आइडीबीआइ बैंक के नेतृत्व में कंसोर्टियम इसकी देख रेख कर रहा है। फास्टैग लागू कराने के लिए यमुना प्राधिकरण ने मंगलवार को बैंक व जेपी इंफ्राटेक के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।

सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि दिसंबर अंत तक एक्सप्रेस वे की सभी लेन को फास्टैग करने की योजना है। एक्सप्रेस वे से गुजरने वाले वाहनों को प्लाजा पर टोल टैक्स भुगतान में होने वाला विलंब समाप्त हो जाएगा। बॉक्स

हाल में एक्सप्रेस वे पर की गई थी टोल दरों में बढ़ोतरी

यमुना एक्सप्रेस वे पर 25 सितंबर अर्ध रात्रि में टोल टैक्स में बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि दो पहिया व हल्के चार पहिया वाहनों को इस बढ़ोतरी से अलग रखा गया था। बस व ट्रक के लिए यह दर बढ़ोतरी पांच पैसे प्रति किमी व इससे भारी वाहनों के लिए 15 पैसे प्रति किमी की गई। एक्सप्रेस वे पर सुविधाओं का अभाव देखते हुए प्राधिकरण ने 2015 से टोल दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी, लेकिन 71वीं बोर्ड बैठक में भारी वाहनों के लिए टोल दर बढ़ाने के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मुहर लगाई गई थी।

बॉक्स

राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी लेन हैं फास्टैग

देश भर में सभी राष्ट्रीय राजमार्गों की सभी लेन को फास्टैग किया जा चुका है। यमुना एक्सप्रेस वे को बिल्ट आपरेट एंड ट्रांसफर बीओटी के आधार बनाया गया है। इसका संचालन जेपी इंफ्राटेक कर रही है। उसे एक्सप्रेस वे पर 36 सालों के लिए टोल वसूली का अधिकार है।

chat bot
आपका साथी