मिशन शक्ति के तहत किया कार्यशाला का आयोजन
जागरण संवाददाता नोएडा मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को सेक्टर-60 स्थित यू-फ्लैक्स में महि
जागरण संवाददाता, नोएडा :
मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को सेक्टर-60 स्थित यू-फ्लैक्स में महिलाओं के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व उत्थान के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार और उपायुक्त वाणिज्यकर अजय कुमार लाल शामिल हुए। इस मौके पर अनिल कुमार ने कहा कि यूपी सरकार बहुत सकारात्मक है और महिला सशक्तीकरण के लिए सभी उद्योगों में मिशन शक्ति के माध्यम से उद्योगों को भी जोड़ा है। नवरात्र का मतलब शक्ति पूजा है। जहां नारियों को सम्मान दिया जाता है, वहां देव वास करते हैं। अजय कुमार लाल ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा के लिए न सिर्फ महिलाओं को, बल्कि पूरे समाज को जागरूक करना है। महिलाएं अपने रोल मॉडल को पहचाने और हर क्षेत्र में, जहां वे बेहतर कार्य कर सकती हैं, अन्य लोगों के लिए मिसाल बनें। इस मौके पर यू-फ्लैक्स के लीगल एंड कारपोरेट अफेयर्स प्रेसिडेंट दिनेश जैन ने कहा कि महिलाओं का सम्मान सिर्फ कार्यस्थल पर ही नहीं, बल्कि सभी जगह करना चाहिए। महिला शक्ति का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। महिलाओं की स्थिति समाज के लिए आइने की तरह होती है। इसके लिए महिलाओं को जागरूक होने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होने की जरूरत है। इस मौके पर कविता लाहोटी, नीरजा जैन, दीपांजलि अरोड़ा, पूनम यादव, श्वेता वर्मा, पूर्णिमा निझावन और एसएन सिंह आदि मौजूद रहे।