सात जिदगी बचाने वाले अरुण को मिला अग्निशमन सेवा पदक

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 08:00 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 08:00 PM (IST)
सात जिदगी बचाने वाले अरुण को मिला अग्निशमन सेवा पदक
सात जिदगी बचाने वाले अरुण को मिला अग्निशमन सेवा पदक

जागरण संवाददाता, नोएडा :

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह को अग्निशमन सेवा पदक से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्वारा वीरता के लिए दिया जाने वाला अग्निशमन सेवा पदक अरुण कुमार सिंह को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने प्रदान किया। अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने 2018 में सेक्टर-93 स्थित पा‌र्श्वनाथ सोसायटी में लगी भीषण आग में अपनी जान की परवाह न करते हुए सात लोगों की जिदगी बचाई थी। जिस समय विभाग के कर्मचारी सोसायटी के फ्लैट नंबर 603 में दाखिल हुए, उस समय चारों तरफ आग की लपटें और धुआं था। उस समय अरुण कुमार सिंह के साथ अग्निशमन अधिकारी मामचंद बडगूजर, लीडिग फायरमैन रामेश्वर सिंह तथा फायर सर्विस चालक सत्येंद्र कुमार भाटी ने भी अद्वितीय साहस और कर्तव्य परायणता का परिचय देते हुए लोगों की अनमोल जिदगी बचाई थी। अदम्य साहस के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को राष्ट्रपति द्वारा गणतंत्र दिवस 2020 के अवसर पर फायर सर्विस मेडल फार गैलेंट्री प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन कोविड के कारण मेडल वितरण का आयोजन नहीं हुआ था। 2018 की उस घटना को याद करते हुए अरुण कुमार सिंह ने कहा कि उस समय ऐसा लग रहा था कि खुद की जिदगी बचा पाना ही मुश्किल हो जाएगा। आग की लपटों के कारण फ्लैट की खिड़कियों के कांच चटक रहे थे। नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी। अंदर एक वृद्ध महिला, लकवाग्रस्त मरीज, एक अन्य बेहोश महिला सहित सात लोग फंसे थे। करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद सभी को सकुशल बाहर निकाला गया था। यह जिदगी का सबसे साहसिक और रोमांचकारी लम्हा था।

chat bot
आपका साथी