भाजपा नेता सहित पांच के हथियार का लाइसेंस निरस्त

जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा अपनी जान का खतरा बताते हुए लोग हथियारों के लाइसेंस प्राप्त

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Sep 2021 08:19 PM (IST) Updated:Mon, 06 Sep 2021 08:19 PM (IST)
भाजपा नेता सहित पांच के हथियार का लाइसेंस निरस्त
भाजपा नेता सहित पांच के हथियार का लाइसेंस निरस्त

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:

अपनी जान का खतरा बताते हुए लोग हथियारों के लाइसेंस प्राप्त कर लेते हैं लेकिन अक्सर देखने में आता है कि हथियारों का प्रयोग दूसरे को डराने, धमकाने के साथ ही हत्या तक करने में किया जाता है। जांच में हथियार का गलत प्रयोग मिलने पर जिला प्रशासन ने पांच लोगों का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। इसमें भाजपा नेता भी शामिल हैं।

एडीएम दिवाकर सिंह ने बताया कि पांच लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियार का गलत प्रयोग किया था। पुलिस ने सभी का लाइसेंस निरस्त करने की अपील की थी। पिछले लगभग एक वर्ष से मामले की सुनवाई चल रही थी। आरोप सही पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। दादरी के ब्रह्मपुरी निवासी भाजपा नेता अतुल शर्मा की पिस्टल का लाइसेंस को निरस्त किया है। उन पर विद्युत विभाग के सरकारी कर्मचारी को काम से रोकने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप था। मुकदमा दादरी कोतवाली में दर्ज है। पुलिस साक्ष्य के आधार पर लाइसेंस निरस्त किया गया। नियाना गांव निवासी जयपाल की बंदूक का लाइसेंस भी निरस्त किया गया है। 2020 में जसपाल ने अपने पोते निशांत को लाइसेंसी बंदूक दी थी। उसने गांव के ही बिजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का मुकदमा कासना कोतवाली में दर्ज है। उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी ओमपाल सिंह पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप है। वह दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ। बेटा बलबीर बीच बचाव करने आया था। ओमपाल ने गोली मारकर बेटे की हत्या कर दी। इस कारण ओमपाल का लाइसेंस निरस्त किया गया। चूहड़पुर गांव निवासी तौफिक खां के खिलाफ बुलंदशहर के ककोड़ थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि 2016 को कमालपुर गांव के जंगल में वन्य जीव नील गाय के बच्चे का शिकार किया। पुलिस ने रिपोर्ट दी थी कि आरोपित को स्वयं की रक्षा करने के लिए शस्त्र की आवश्यकता नहीं है। जांच में सत्यता पाए जाने पर आरोपित का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। दादरी कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में प्लाट के विवाद में दो लोगों की हत्या के आरोपित देवेंद्र सिंह चंदेला की पिस्टल और राइफल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। गांव में एक प्लाट को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें अमित और सुरेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के बाद देवेंद्र के दो लाइसेंस निरस्त किए गए।

chat bot
आपका साथी